Friday, August 7, 2026
Homeराष्ट्रीयIMD Weather Alert : 15 राज्यों में आज मूसलाधार बारिश और तूफान...

IMD Weather Alert : 15 राज्यों में आज मूसलाधार बारिश और तूफान का खतरा, जानें आपके इलाके का मौसम

IMD Weather Alert :देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। निचले इलाकों में जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज 15 राज्यों में भारी से अति भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा होने की संभावना है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

वहीं, दिल्ली-एनसीआर, गुरुग्राम और उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए प्रशासन ने विशेष एडवाइजरी भी जारी की है। इसके अलावा कुछ राज्यों में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है, जिसके चलते किसानों और मछुआरों को सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा मौसम सामान्य होने तक जोखिम भरी गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई है।

इन – इन राज्यों में रहेगा अलर्ट –

IMD के मुताबिक देश के 15 राज्यों यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से आंधी चलेगी।

असम हुआ जलमग्न कई लोगों की मौत –

असम में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। राज्य के कई इलाके जलमग्न हैं और अब तक बाढ़ से 97 लोगों की जान जा चुकी है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 15 जिलों में 1.68 लाख से अधिक लोग इस आपदा से प्रभावित हैं। राहत की बात यह है कि केंद्र और राज्य सरकारें प्रभावित लोगों की सहायता के लिए लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। इस बीच झारखंड सरकार ने भी मानवीय पहल करते हुए असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में 3 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इस कठिन समय में झारखंड सरकार असम के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।

गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी

लगातार हो रही बारिश ने गुरुग्राम की चमचमाती सड़कों और पॉश सोसाइटीज़ की तस्वीर बदल दी है। कई इलाकों में सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जबकि जलभराव के बीच बसें और कारें खिलौनों की तरह बहती नजर आईं। हालांकि गुरुग्राम में बारिश के दौरान यह समस्या नई नहीं है और हर साल शहर को इसी तरह के हालात का सामना करना पड़ता है। भारी बारिश के अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों से संभव हो तो वर्क फ्रॉम होम करने, बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने और जलभराव वाले मार्गों से बचने की अपील की गई है। साथ ही अधिकारियों को फील्ड में रहकर जलनिकासी व्यवस्था पर नजर रखने और प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम हाल –

गुरुग्राम के साथ ही दिल्ली में भी कई इलाकों में बारिश ने लोगों की आवाजाही पर ब्रेक लगा दिया। दिल्ली के संफदरजंग से लेकर आरके पुरम और गोल्फ क्लब रोड तक जलभराव के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, आज भी दिल्ली-NCR में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया हुआ है। दिल्ली में आज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी।

अन्य राज्यों में मौसम की बात करें तो-

उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वी और मध्य भारत तक आज मौसम का मिजाज बेहद खराब रहने वाला है। मौसम विभाग ने यूपी के मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर समेत कई जिलों में 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

बिहार के पटना, गया, दरभंगा, समस्तीपुर, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज सहित कई जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। राजस्थान के दौसा, भरतपुर, करौली, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर और अलवर में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

वहीं मध्य प्रदेश के भोपाल, बालाघाट, मंडला, देवास, रायसेन, पन्ना, दमोह, विदिशा, सिवनी, खंडवा और शिवपुरी समेत कई जिलों में बारिश और आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के कई हिस्सों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है। उधर झारखंड के रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, देवघर और हजारीबाग समेत कई जिलों में 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है।

पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, बांकुड़ा, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार और मालदा सहित कई जिलों में भी भारी बारिश और आंधी को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

पहाड़ी राज्यों का हाल-

उत्तर भारत में मानसून ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जम्मू-कश्मीर में पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक भारी बारिश और आंधी का खतरा बना हुआ है। जम्मू, पुंछ, कुलगाम, कठुआ, शोपियां, गांदरबल, बांदीपोरा, राजौरी, मुजफ्फराबाद और किश्तवाड़ में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

शोपियां के खोखन-कथोहल्लन के ऊपरी जंगलों में बादल फटने से तेज बहाव के साथ पानी और मलबा नीचे की ओर आया, जिससे स्थानीय नाले उफान पर आ गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

वहीं उत्तराखंड में लगातार बारिश के बीच केदारनाथ हाईवे पर तिलवाड़ा के पास भूस्खलन से सड़क पर मलबा और बोल्डर गिर गए, जिससे यात्रा पर निकले कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए। किन्नौर में पहाड़ दरकने से नेशनल हाईवे-5 बाधित हो गया, जबकि शिमला में जलभराव और तेज बहाव ने हालात बिगाड़ दिए हैं। नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और अल्मोड़ा में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी है।

उधर, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, शिमला, सिरमौर, कांगड़ा, सोलन, बिलासपुर और मंडी जिलों में भी भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

Related Articles

Latest News