Sunday, September 13, 2026
Homeमध्य प्रदेशIRCTC ने रचा इतिहास, एक दिन में 20 लाख से अधिक टिकटों...

IRCTC ने रचा इतिहास, एक दिन में 20 लाख से अधिक टिकटों की रिकॉर्ड बुकिंग

नई दिल्ली. आगामी त्योहारी सीजन में घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच भारतीय रेलवे की ई-टिकटिंग शाखा आईआरसीटीसी ने नया इतिहास रच दिया है। त्योहारी मांग के चलते 7 सितंबर को आईआरसीटीसी के माध्यम से रिकॉर्ड 20,06,353 ट्रेन टिकटों की बुकिंग हुई। भारतीय रेलवे के इतिहास में यह पहली बार है, जब एक ही दिन में 20 लाख से अधिक ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग बिना किसी तकनीकी बाधा के सफलतापूर्वक पूरी हुई। बुकिंग का यह सिलसिला अगले दिन भी जारी रहा और 8 सितंबर को 19,50,699 टिकट बुक किए गए। यह संख्या पिछले वर्ष के त्योहारी सीजन के पीक डे पर हुई 18,40,203 टिकटों की बुकिंग से करीब 6 प्रतिशत अधिक है। आंकड़ों से स्पष्ट है कि दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्री ऐन वक्त की भीड़ और टिकटों की मारामारी से बचने के लिए काफी पहले ही अपनी सीट सुनिश्चित कर रहे हैं।

दोगुनी सर्वर क्षमता और नए इंटरफेस का दिखा कमाल

देश में कुल आरक्षित (रिजर्व) रेल टिकटों में से करीब 89 फीसदी बुकिंग ऑनलाइन माध्यमों से होती है. फेस्टिव सीजन के दौरान भारी ट्रैफिक लोड से वेबसाइट को क्रैश होने से बचाने के लिए आईआरसीटीसी ने अपनी सर्वर क्षमता को करीब दोगुना कर दिया है. इसके अलावा 15 जुलाई 2026 को लॉन्च किए गए नए यूजर इंटरफेस ने मुसाफिरों के अनुभव को बेहद सुगम बना दिया है. नए सिस्टम की बदौलत यात्री अब एक ही स्क्रीन पर सभी श्रेणियों (Travel Classes) की सीट उपलब्धता देख सकते हैं, जिससे वेबसाइट पर ट्रैफिक लोड बंट गया और कोई तकनीकी खामी नहीं आई.

रेलवे ने उठाए जरुरी कदम –

टिकटों की कालाबाजारी और अवैध सॉफ्टवेयर से बुकिंग रोकने के लिए रेलवे ने बेहद कड़े तकनीकी कदम उठाए हैं. आधुनिक एंटी-बोट सिस्टम लागू होने से संदिग्ध ऑटोमेटेड ट्रैफिक में 55 से 65 फीसदी तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है. इसके साथ ही तत्काल बुकिंग शुरू होने के शुरुआती 10 मिनट (सुबह 8:00 से 8:10 बजे) के दौरान अधिकृत एजेंटों की बुकिंग पर पूरी तरह रोक लगाई गई है. इस कड़े सुरक्षा अभियान के तहत आईआरसीटीसी ने 3.04 करोड़ फर्जी यूजर अकाउंट हमेशा के लिए बंद कर दिए हैं, जबकि 6.33 करोड़ यूजर आईडी को दोबारा वेरिफिकेशन के लिए चिह्नित किया है.

कहां से बुक हुए सबसे ज्यादा टिकट?

आईआरसीटीसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक राहुल हिमैलियन के अनुसार, प्रतिदिन होने वाली 18 से 19 लाख बुकिंग में से 89 फीसदी हिस्सा ऑनलाइन आता है. इस ऑनलाइन शेयर में सबसे बड़ी 53 फीसदी हिस्सेदारी आधिकारिक ‘IRCTC Rail Connect App’ की है. इसके अलावा 28 फीसदी टिकट पेटीएम, मेकमायट्रिप और कन्फर्मटिकट जैसे थर्ड-पार्टी प्लेटफॉर्म्स से बुक होते हैं. आईआरसीटीसी की मुख्य वेबसाइट के जरिए 17 फीसदी बुकिंग की जाती है, जबकि शेष 2 फीसदी टिकट सरकारी सिस्टम और काउंटरों के तहत बुक होते हैं.

Related Articles

Latest News