HomeAutoसनरूफ से लेकर ऑटोमैटिक तक, XUV 3XO में अब मिलेगा फुल पैकेज

सनरूफ से लेकर ऑटोमैटिक तक, XUV 3XO में अब मिलेगा फुल पैकेज

Mahindra ने अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट SUV XUV 3XO को और ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए दो नए वेरिएंट लॉन्च किए हैं। कंपनी ने REVX सीरीज में EDGE और EDGE (O) को शामिल किया है। REVX EDGE की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.39 लाख रुपये रखी गई है, जबकि REVX EDGE (O) की कीमत 9.89 लाख रुपये से शुरू होती है।

नई सीरीज की सबसे बड़ी खासियत REVX EDGE (O) में मिलने वाला पैनोरमिक सनरूफ है, जो 10 लाख रुपये से कम कीमत वाली SUV में इसे खास विकल्प बनाता है। इसके साथ ही Mahindra ने REVX M(O) में पेट्रोल ऑटोमैटिक का विकल्प भी जोड़ा है, जिसकी कीमत 9.99 लाख रुपये है। कंपनी के मुताबिक नए वेरिएंट REVX सीरीज के विस्तार के तौर पर पेश किए गए हैं।

REVX EDGE में मिलेंगे ये फीचर्स

REVX EDGE सीरीज का नया एंट्री वेरिएंट है, जिसकी पेट्रोल मैनुअल कीमत 9.39 लाख रुपये है। इसका पेट्रोल ऑटोमैटिक और डीजल मैनुअल वर्जन 10.59 लाख रुपये में आता है। फीचर्स की बात करें तो इसमें डुअल-टोन रूफ, बॉडी-कलर्ड ग्रिल और 16-इंच स्टील व्हील्स दिए गए हैं।

इसके अलावा बाय-हैलोजन प्रोजेक्टर हेडलैंप्स, LED सिग्नेचर लैंप और LED टेल लैंप मिलते हैं। केबिन में डार्क लेदरट सीट्स, 10.25-इंच HD इंफोटेनमेंट सिस्टम और चार स्पीकर्स दिए गए हैं। वायरलेस Android Auto और वायर्ड Apple CarPlay के साथ क्रूज कंट्रोल, रियर-व्यू कैमरा और रियर AC वेंट्स जैसे फीचर्स भी मौजूद हैं।

9.89 लाख में EDGE (O) का पैनोरमिक सनरूफ

REVX EDGE (O) की शुरुआती कीमत 9.89 लाख रुपये है। इसका पेट्रोल ऑटोमैटिक और डीजल मैनुअल वेरिएंट 11.09 लाख रुपये में उपलब्ध है, जबकि डीजल AMT की कीमत 11.91 लाख रुपये रखी गई है। EDGE (O), EDGE से 50 हजार रुपये महंगा है, लेकिन इसके साथ कुछ अतिरिक्त प्रीमियम फीचर्स मिलते हैं।

इनमें सबसे बड़ा आकर्षण पैनोरमिक सनरूफ है। इसके अलावा रूफ रेल्स, इलेक्ट्रिकली फोल्डिंग ORVM, पैसिव कीलेस एंट्री, पुश-बटन स्टार्ट, ऑटोमैटिक हेडलैंप्स और ऑटोमैटिक वाइपर्स भी दिए गए हैं। इस कीमत पर पैनोरमिक सनरूफ इसे काफी चर्चा में ला सकता है।

पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन का विकल्प

Mahindra XUV 3XO REVX EDGE और EDGE (O) दोनों में पेट्रोल और डीजल इंजन विकल्प मिलते हैं। पेट्रोल मॉडल में 1.2-लीटर mStallion इंजन दिया गया है, जबकि डीजल वेरिएंट में 1.5-लीटर टर्बो-डीजल इंजन मिलता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में मैनुअल, ऑटोमैटिक और डीजल AMT शामिल हैं।

इसके अलावा कंपनी ने REVX M(O) में पेट्रोल ऑटोमैटिक विकल्प भी जोड़ा है, जिसकी कीमत 9.99 लाख रुपये है। यानी अब XUV 3XO खरीदने वाले ग्राहकों के पास पावरट्रेन और ट्रांसमिशन को लेकर पहले से ज्यादा विकल्प मौजूद हैं।

35 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स का दावा

सेफ्टी के मामले में दोनों नए EDGE ट्रिम्स में 35 स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। इनमें 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट और रिवर्स पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स शामिल हैं। इसके अलावा SUV में 60:40 स्प्लिट रियर सीट्स और रोजमर्रा के इस्तेमाल से जुड़े कई फीचर्स भी मिलते हैं।

कलर ऑप्शन की बात करें तो XUV 3XO REVX सीरीज को Everest White, Stealth Black, Tango Red, Nebula Blue और Galaxy Grey जैसे रंगों में पेश किया गया है। Mahindra के मुताबिक XUV 3XO ने लॉन्च के बाद 2.5 साल से कम समय में 2.5 लाख यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार किया है। नए वेरिएंट्स के जरिए कंपनी ने अब इसी SUV की फीचर और पावरट्रेन रेंज को और बड़ा कर दिया है।

Related Articles

Latest News