YouTube ने अपने Made On YouTube 2026 इवेंट में क्रिएटर्स और दर्शकों के लिए कई नए फीचर्स और बड़े अपडेट्स का ऐलान किया है। कंपनी का फोकस इस बार कंटेंट क्रिएशन को आसान बनाने के साथ-साथ क्रिएटर्स को अपनी ऑडियंस समझने, ब्रांड्स से जुड़ने और कमाई के नए रास्ते तलाशने में मदद करने पर है।
नए अपडेट्स में Ask Studio, YouTube Creator Partnerships, Shorts Series, AI कमेंट मॉडरेशन, Live Creator Matchmaking, Live Showdown, Live Auto Dubbing, Ask YouTube और Custom Feeds जैसे फीचर्स शामिल हैं। यानी आने वाले समय में YouTube पर वीडियो बनाना, लाइव जाना और दर्शकों तक कंटेंट पहुंचाना पहले से ज्यादा AI और ऑटोमेशन आधारित हो सकता है।
Ask Studio से क्रिएटर्स का काम होगा आसान
YouTube अपने Ask Studio टूल को और ज्यादा उपयोगी बनाने की तैयारी कर रहा है। नए फीचर्स की मदद से क्रिएटर्स किसी ब्रांड के ब्रीफ के हिसाब से जवाब तैयार करने और ब्रांड पिच बनाने में AI की मदद ले सकेंगे। इतना ही नहीं, क्रिएटर्स अपने Media Kit को भी किसी खास ब्रांड की जरूरत के मुताबिक कस्टमाइज कर पाएंगे।
Ask Studio पुराने कंटेंट के प्रदर्शन को समझने, नए आइडिया तलाशने और चैनल के हिसाब से बेहतर थंबनेल तैयार करने में भी मदद करेगा। इसके अलावा A/B Testing फीचर के जरिए क्रिएटर्स तीन क्लिप तक टेस्ट कर सकेंगे, जिससे यह समझने में मदद मिलेगी कि किस वीडियो का हुक दर्शकों के बीच बेहतर काम कर रहा है।
ब्रांड डील और YouTube Shopping से कमाई के नए रास्ते
YouTube Creator Partnerships के जरिए क्रिएटर्स को ब्रांड्स के साथ जुड़ने का एक और रास्ता मिलेगा। यह सुविधा फिलहाल 20 देशों में उपलब्ध है और इसके जरिए क्रिएटर्स अपने चैनल को संभावित ब्रांड पार्टनर्स के सामने प्रमोट कर सकेंगे। दूसरी तरफ YouTube Shopping Affiliate Program को भी विस्तार देने की तैयारी है।
आने वाले समय में भारत और ब्राजील में Amazon प्रोडक्ट्स को टैग करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है। अलग-अलग बाजारों में लोकलाइज्ड प्रोडक्ट टैग्स के जरिए क्रिएटर्स ग्लोबल बिक्री पर कमीशन कमा सकेंगे। Affiliate Campaigns में ब्रांड्स और रिटेलर्स एक्सक्लूसिव बोनस और अतिरिक्त कमीशन जैसे इंसेंटिव भी दे सकेंगे।
Live Streaming में आएंगे कई बड़े बदलाव
YouTube ने लाइव स्ट्रीमिंग को लेकर भी कई नए फीचर्स की घोषणा की है। Watch With फीचर को लाइवस्ट्रीम से आगे बढ़ाकर चुनिंदा लॉन्ग-फॉर्म वीडियो के लिए भी उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं Live Creator Matchmaking की मदद से क्रिएटर्स दूसरे लाइव स्ट्रीमर्स के साथ को-स्ट्रीमिंग कर सकेंगे।
YouTube का सिस्टम जरूरत के मुताबिक क्रिएटर्स की ऑटोमैटिक मैचिंग भी कर सकेगा। Live Showdown फीचर के जरिए दो को-होस्ट क्रिएटर्स अपने लाइव शो को एक तरह के चैलेंज में बदल पाएंगे, जहां दर्शक Super Chats, Gifts और Chats के जरिए अपने पसंदीदा क्रिएटर को सपोर्ट कर सकेंगे।
Live Auto Dubbing से भाषा की दीवार होगी कम
YouTube लाइव कंटेंट को अलग-अलग भाषाओं के दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में भी काम कर रहा है। कंपनी 2027 की शुरुआत में Live Auto Dubbing का पायलट शुरू करने की तैयारी में है। इसके जरिए लाइवस्ट्रीम के दौरान क्रिएटर की आवाज को रियल टाइम में दूसरी भाषा में ट्रांसलेट करने की सुविधा दी जा सकती है। इससे एक ही लाइव कंटेंट को अलग-अलग भाषाओं के दर्शकों तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है।
Shorts में Series और AI Editing का नया दौर
Shorts के लिए YouTube Shorts Series फीचर ला रहा है। इसके जरिए क्रिएटर्स अपने शॉर्ट वीडियो को अलग-अलग एपिसोड और सीजन में व्यवस्थित कर सकेंगे। इसमें कस्टम थंबनेल और सीक्वेंस प्लेबैक जैसे विकल्प भी मिलेंगे। वहीं YouTube Shorts और YouTube Create ऐप में Gemini को conversational editing assistant के तौर पर इंटीग्रेट किया जाएगा।
क्रिएटर्स एडिटिंग से जुड़े सवाल पूछकर अपनी जरूरत के हिसाब से AI की मदद ले सकेंगे। इसके साथ ही YouTube AI आधारित कमेंट मॉडरेशन की टेस्टिंग भी कर रहा है, जो क्रिएटर की पसंद और मॉडरेशन स्टाइल के आधार पर कमेंट्स मैनेज करने में मदद कर सकता है।
दर्शकों के लिए Custom Feeds और Ask YouTube
सिर्फ क्रिएटर्स ही नहीं, YouTube ने दर्शकों के लिए भी कई नए फीचर्स का ऐलान किया है। Custom Feeds के जरिए यूजर्स अपने मूड, रूटीन या पसंद के हिसाब से अलग-अलग फीड तैयार कर सकेंगे। यह फीचर शुरुआत में अमेरिका में उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं Ask YouTube की मदद से यूजर्स किसी प्रोडक्ट को लेकर सीधे सवाल पूछ सकेंगे।
प्रोडक्ट रिव्यू खोजने पर यूजर की पसंद के हिसाब से वीडियो के साथ तुलना टेबल और अलग-अलग फीचर्स की जानकारी भी दिखाई जा सकती है। इसके अलावा टीवी पर YouTube देखने वाले यूजर्स को जल्द ही आवाज के जरिए कमेंट करने की सुविधा मिल सकती है। Shorts Feed में Community Posts की सिफारिश भी की जाएगी, जिससे वीडियो के साथ-साथ कम्युनिटी कंटेंट भी दर्शकों तक पहुंच सकेगा।











