Monday, September 28, 2026
HomeTechnologyछोटा पैकेट बड़ा धमाका! कैमरा से लेकर बैटरी तक सबकुछ दमदार

छोटा पैकेट बड़ा धमाका! कैमरा से लेकर बैटरी तक सबकुछ दमदार

Oppo ने चीन के बाजार में अपनी Reno सीरीज का नया स्मार्टफोन Reno 16T पेश कर दिया है। कंपनी ने इस फोन को खास तौर पर कैमरा, बैटरी और कॉम्पैक्ट डिजाइन के कॉम्बिनेशन के साथ तैयार किया है। स्मार्टफोन में 200MP का प्राइमरी कैमरा, 50MP के दो अन्य कैमरे और 6700mAh की बड़ी बैटरी दी गई है।

इसके साथ 80W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। फोन में 120Hz रिफ्रेश रेट वाला AMOLED डिस्प्ले और MediaTek Dimensity 8550 Super प्रोसेसर दिया गया है। फिलहाल यह फोन चीन में लॉन्च हुआ है और भारत में इसकी एंट्री को लेकर Oppo ने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

6.32 इंच AMOLED स्क्रीन में 120Hz रिफ्रेश रेट

Oppo Reno 16T में 6.32 इंच का फ्लेक्सिबल AMOLED डिस्प्ले मिलता है। स्क्रीन 2640×1216 पिक्सल रिजॉल्यूशन के साथ आती है और इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट दिया गया है। डिस्प्ले 1.07 बिलियन कलर्स को सपोर्ट करता है और इसकी पिक्सल डेंसिटी 460 PPI है।

कंपनी के मुताबिक स्क्रीन की ग्लोबल पीक ब्राइटनेस 1,800 निट्स तक है। वहीं 240Hz तक का टच सैंपलिंग रेट मिलने से स्क्रॉलिंग और टच रिस्पॉन्स को बेहतर बनाया गया है। छोटे आकार के बावजूद फोन का डिस्प्ले हाई-एंड फीचर्स के साथ आता है।

Dimensity 8550 Super प्रोसेसर से मिलेगी पावर

परफॉर्मेंस के लिए स्मार्टफोन में MediaTek Dimensity 8550 Super चिपसेट का इस्तेमाल किया गया है। इसके साथ 12GB तक LPDDR5X/LPDDR5 RAM और 512GB तक UFS 3.1 स्टोरेज का विकल्प मिलता है।

ज्यादा रैम और स्टोरेज वाला कॉन्फिगरेशन उन यूजर्स को ध्यान में रखकर दिया गया है, जो फोन पर गेमिंग, मल्टीटास्किंग और ज्यादा स्टोरेज वाले ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं। फोन में AI Plus Key भी दिया गया है, जो बाईं तरफ मौजूद है। इस बटन के जरिए Mind Space फीचर को एक्सेस किया जा सकता है।

पीछे 200MP कैमरा, साथ में 50MP के दो सेंसर

कैमरा सेटअप Reno 16T की सबसे बड़ी खासियतों में से एक है। फोन के रियर पैनल पर ट्रिपल कैमरा सिस्टम दिया गया है। इसमें OIS सपोर्ट वाला 200MP का मेन कैमरा शामिल है। इसके साथ 50MP का अल्ट्रावाइड कैमरा मिलता है, जिसका फील्ड ऑफ व्यू 116 डिग्री है।

तीसरा कैमरा 50MP का टेलीफोटो सेंसर है, जिसे OIS का सपोर्ट भी दिया गया है। फोन में 3.5x तक ऑप्टिकल जूम और 120x डिजिटल जूम की सुविधा मिलती है। सेल्फी के लिए फ्रंट में 50MP का ऑटोफोकस कैमरा दिया गया है, जिससे वीडियो कॉलिंग और सेल्फी के दौरान बेहतर फोकस मिलने की उम्मीद है।

6700mAh बैटरी के साथ 80W फास्ट चार्जिंग

पावर बैकअप के लिए Oppo Reno 16T में 6700mAh की बैटरी दी गई है। इसे चार्ज करने के लिए 80W SuperVOOC और 80W UFCS फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मौजूद है। बड़ी बैटरी के बावजूद Oppo ने फोन को अपेक्षाकृत कॉम्पैक्ट रखा है।

इसकी मोटाई 8.36mm है, जबकि वजन कलर वेरिएंट के हिसाब से अधिकतम 191 ग्राम तक है। फोन में इन-डिस्प्ले ऑप्टिकल फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। डस्ट और वाटर से सुरक्षा के लिए इसे IP68 और IP69K रेटिंग भी मिली है।

कीमत 53 हजार रुपये के करीब, भारत पर सस्पेंस

चीन में Oppo Reno 16T के 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 3,699 युआन रखी गई है, जो भारतीय करेंसी में करीब 53 हजार रुपये बैठती है। इसका 16GB RAM और 512GB स्टोरेज वाला वेरिएंट भी बाजार में उतारा गया है।

फोन को Heartbeat, Galaxy Purple और Moonlight Black कलर ऑप्शन में पेश किया गया है। कंपनी ने अभी इसे सिर्फ चीन में लॉन्च किया है। भारत में Reno 16T को कब तक पेश किया जाएगा या किया भी जाएगा या नहीं, इस बारे में Oppo की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

Related Articles

Latest News