देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलने के बाद मौत हो गई। घटना रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे इंदौर-बैतूल हाईवे पर हुई, जब टीआई पुरी अपनी पुलिस टीम के साथ अवैध शराब से भरे ट्रक को पकड़ने पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक, नेमावर पुलिस भी इसी ट्रक का पीछा कर रही थी। पुलिस टीम को ट्रक हाईवे पर डिवाइडर के किनारे खड़ा मिला।
इसके बाद थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने ट्रक चालक को नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ा दिया। इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया टीआई पुरी के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक को लेकर मौके से फरार हो गया और संदलपुर पहुंचकर वाहन छोड़कर भाग निकला।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर संदलपुर थाने में खड़ा कर दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे। वहीं, टीआई दिलीप पुरी की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन भी खातेगांव पहुंच गए। उनके परिवार में पत्नी कविता के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। इस पूरे मामले में सबसे गंभीर सवाल ट्रक में भरी अवैध शराब को लेकर उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस ट्रक से टीआई को कुचला गया, उसमें बड़ी मात्रा में शराब भरी हुई थी, लेकिन घटनास्थल पर पुलिस को ट्रक खाली मिला। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कहीं घटना के बाद ट्रक से शराब उतार तो नहीं दी गई? यदि ऐसा हुआ है तो शराब कहां ले जाई गई और इसे उतारने में कौन-कौन शामिल था, इसकी जांच भी अहम हो गई है।
इस संबंध में आबकारी उपनिरीक्षक पूजा गेहलोत ने बताया कि ट्रक का बेस सामान्य ट्रकों की तुलना में करीब दो फीट ऊंचा है और उसके कंपार्टमेंट में शराब भरी हुई थी। हालांकि, शराब की कुल मात्रा की गिनती अभी नहीं की गई है। गिनती पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रक में कितनी शराब थी और उसे कहां से लाया गया था। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ-साथ ट्रक में शराब की मौजूदगी, उसके स्रोत और घटनास्थल पर ट्रक खाली मिलने से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

![लग्जरी कारों के शौकीन हो जाएं तैयार, इस महीने लॉन्च होंगी 4 जबरदस्त गाड़ियां Mercedes-Benz GLC Electric]](https://lokraag.com/wp-content/uploads/2026/11/Mercedes-Benz-GLC-Electric-324x160.jpg)






