मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल क्षेत्र को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाली 6,952 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी फोरलेन सड़क परियोजना की प्रक्रिया अब आगे बढ़ गई है। ग्वालियर के अटल द्वार से भिंड होते हुए इटावा तक करीब 117 किलोमीटर लंबे हाईवे को फोरलेन बनाने का प्रस्ताव केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा गया है।
दो हिस्सों में तैयार होगा हाईवे –
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने इस परियोजना को दो पैकेज में पूरा करने की योजना तैयार की है। परियोजना की DPR और तकनीकी प्रस्तावों को मंजूरी मिल चुकी है, जबकि अब कैबिनेट की स्वीकृति का इंतजार है। मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और निर्माण का रास्ता साफ हो सकेगा। इस हाईवे के बनने से ग्वालियर से इटावा के बीच सफर अधिक सुगम होने के साथ उत्तर प्रदेश के सड़क संपर्क को भी मजबूती मिलेगी।
ग्वालियर से लखनऊ तक की यात्रा होगी आसान
वहीं, ग्वालियर से लखनऊ तक की यात्रा करीब पांच घंटे में पूरी होने की संभावना जताई जा रही है। परियोजना पर लगभग 1,900 करोड़ रुपये सिविल निर्माण कार्यों पर खर्च होने का अनुमान है, जबकि शेष राशि का बड़ा हिस्सा भूमि अधिग्रहण और अन्य स्वीकृतियों पर खर्च हो सकता है। पहले कई बार टेंडर की तारीख बढ़ाई गई थी, लेकिन बाद में निविदा वेबसाइट से हटा दी गई। फिलहाल परियोजना कैबिनेट की मंजूरी की प्रक्रिया में है।
अनुमान है कि मार्च 2027 के बाद निर्माण कार्य शुरू हो सकता है, हालांकि इसकी शुरुआत कैबिनेट की स्वीकृति और अन्य औपचारिकताओं पर निर्भर करेगी।








