Homeराष्ट्रीयकांग्रेस में बड़ा फेरबदल: 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों की छुट्टी, 81...

कांग्रेस में बड़ा फेरबदल: 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों की छुट्टी, 81 नेताओं को मिली नई जिम्मेदारी

कांग्रेस पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी के मद्देनजर बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) में व्यापक बदलाव करते हुए पार्टी ने 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है। वहीं, संगठन में नए सिरे से जिम्मेदारियों का बंटवारा करते हुए 81 सचिवों को विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और संगठनात्मक विभागों का प्रभार सौंपा गया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने इन सभी नियुक्तियों और बदलावों को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है।

पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, असम, केरल, तमिलनाडु, उत्तराखंड, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में नए सचिवों की नियुक्ति की गई है। इस फेरबदल में कुछ पुराने नेताओं के प्रभार बरकरार रखे गए हैं, जबकि कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। संचार, प्रचार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया से जुड़े विभागों में डॉ. विनीत पुनिया और रुचिरा चतुर्वेदी की जिम्मेदारी कायम रखी गई है।

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय का कामकाज एक बार फिर प्रणव झा और गौरव पांधी को सौंपा गया है। उत्तर प्रदेश में अभिषेक दत्त, वरुण चौधरी, कुणाल चौधरी, जगदीश चंदर जांगिड़, अब्दुल हन्नान और संजीव आर्य को संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह राजस्थान में विश्व विजय सिंह, पोरलाक खार्ते, डॉ. पलक वर्मा और मनोज बागड़ी को सचिव नियुक्त किया गया है।

दूसरी ओर, जिन 25 नेताओं को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया है, उनमें अंबा प्रसाद, बी.एम. संदीप, चेतन चौहान, चिरंजीव राव, क्रिस्टोफर तिलक, देवेंद्र यादव, दिव्या मदेरणा, मंसूर अली खान, नवीन शर्मा, पी. गोपी, पी. विश्वनाथन, पृथ्वीराज साठे, पूनम पासवान, रोजी एम. जॉन, रुत्विक मकवाना, एस.ए. संपत कुमार, संजना जाटव, शहनवाज आलम, टी.एन. प्रतापन, उषा नायडू और विजय जांगिड़ समेत अन्य नेता शामिल हैं।

कांग्रेस के इस बड़े संगठनात्मक बदलाव को पार्टी के भीतर नई टीम तैयार करने और राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। सभी नई नियुक्तियां और प्रभार में किए गए बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

Related Articles

Latest News