Homeमध्य प्रदेशपश्चिम मध्य रेल में आधुनिक सिग्नलिंग को नई गति, बीना स्टेशन पर...

पश्चिम मध्य रेल में आधुनिक सिग्नलिंग को नई गति, बीना स्टेशन पर अत्याधुनिक सिस्टम कमीशन

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल में ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारु परिचालन के लिए आधुनिक सिग्नलिंग प्रणालियों का विस्तार किया जा रहा है. इसी क्रम में अक्टूबर माह में भोपाल मंडल के बीना स्टेशन पर नया सेंट्रलाइज्ड इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (EI) सिस्टम कमीशन किया गया. इसके साथ ही कुरवाई केथोरा–बीना रेलखंड पर 18.26 रूट किलोमीटर में ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली भी शुरू की गई है. इन तकनीकी सुधारों से रेल परिचालन की सुरक्षा, विश्वसनीयता और क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी.

बीना स्टेशन पर 658 सिग्नल रूट्स से लैस नई प्रणाली

बीना स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग और तीसरी रेल लाइन से जुड़े कार्यों के तहत नया सेंट्रलाइज्ड इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम स्थापित किया गया है. इस प्रणाली में 658 सिग्नल रूट्स, 115 पॉइंट मशीनें और 135 ट्रैक सर्किट शामिल हैं. इसमें ड्यूल विजुअल डिस्प्ले यूनिट (VDU) और हॉट स्टैंडबाय जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं.

नई प्रणाली उत्तर मध्य रेल के आगासोद स्टेशन से कनेक्टिविटी के साथ रेल परिचालन को अधिक व्यवस्थित और सुगम बनाने में सहायक होगी. इसके अलावा यार्ड रिमॉडलिंग के तहत बीना गुड्स और कुरवाई केथोरा स्टेशनों के मौजूदा इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम में भी आवश्यक बदलाव किए गए हैं.

तीसरी लाइन पर भी ऑटोमैटिक सिग्नलिंग

बीना–भोपाल रेलखंड के कुरवाई केथोरा–बीना ब्लॉक सेक्शन में अप, डाउन और द्विदिशात्मक तीसरी लाइन पर कुल 18.26 रूट किलोमीटर में ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली कमीशन की गई है. इससे इस रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के साथ परिचालन क्षमता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी.

चालू वित्तीय वर्ष में 8 स्टेशनों पर नई प्रणाली

पश्चिम मध्य रेल में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान अब तक 8 स्टेशनों पर नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग, पैनल इंटरलॉकिंग और रूट रिले इंटरलॉकिंग प्रणालियां कमीशन की जा चुकी हैं. वहीं, 15 स्टेशनों पर मौजूदा इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम में आवश्यक बदलाव किए गए हैं. इसके अलावा ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग के तहत अब तक कुल 57.40 रूट किलोमीटर का कार्य पूरा कर कमीशन किया जा चुका है.

सिग्नलिंग सिस्टम से ये होंगे फायदे

आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली से ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारु संचालन को मजबूती मिलेगी. कम जगह में आधुनिक उपकरणों की स्थापना संभव होगी. सिस्टम में किसी तरह की खराबी आने पर उसकी जानकारी स्वतः मिल सकेगी. इससे सिग्नलिंग व्यवस्था की विश्वसनीयता बढ़ने के साथ रेल लाइनों की परिचालन क्षमता और दक्षता में भी सुधार होगा.

पश्चिम मध्य रेल के अनुसार, आधुनिक तकनीक और उन्नत सिग्नलिंग प्रणालियों का विस्तार रेल संरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इससे यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी गति मिलेगी.

Related Articles

Latest News