दिल्ली से पटना तक चलेगी देश की पहली 3 एसी इकोनॉमी कोच वाली गति शक्ति एक्सप्रेस

रेल यात्रियों की सुविधा और आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेल देश की पहली 3 एसी इकोनॉमी कोच वाली स्पेशल ट्रेन गतिशक्ति एक्सप्रेस, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से पटना जंक्शन तक चलाएगा।

ये विशेष ट्रेन 01684/01683 आनंद विहार टर्मिनल-पटना-आनंद विहार टर्मिनल गति शक्ति सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन शुरू होगी, जिसमें 20 नए 3 एसी इकोनॉमी कोच होंगे। गाड़ी संख्या 01684 आनंद विहार टर्मिनल-पटना जंक्शन गति शक्ति सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल से रात 11:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन अपराह्न 3:45 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। यह ट्रेन 29 अक्टूबर, 31 अक्टूबर, 2 नवंबर, 5 नवंबर और 7 नवंबर को अपने निर्धारित समय पर चलेगी।

वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 01683 पटना जंक्शन-आनंद विहार टर्मिनल गति शक्ति सुपरफास्ट विशेष ट्रेन पटना जंक्शन से 30 अक्टूबर, 1 नवंबर, 3 नवंबर, 6 नवंबर और 8 नवंबर को शाम 5:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन, वाराणसी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और दानापुर स्टेशन होते हुए जाएगी।