Friday, October 25, 2024
Homeट्रेंडिंग न्यूजमहाराष्ट्र का राजनीतिक माहौल गरमाया, कांग्रेस में भारी फूट की संभावना

महाराष्ट्र का राजनीतिक माहौल गरमाया, कांग्रेस में भारी फूट की संभावना

मुंबई (हि.स.)। बुधवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री सुशीलकुमार शिंदे के सोलापुर स्थित आवास पर जाकर भारतीय जनता पार्टी नेता और मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने शिंदे से मुलाकात की।

इसी तरह आज ही मिलिंद देवड़ा के कट्टर समर्थक विधायक अमीन पटेल ने भी मुंबई में सह्याद्रि गेस्ट हाउस में जाकर मुंबई शहर के संरक्षक मंत्री दीपक केसरकर से मुलाकात की है। इन दोनों मुलाकातों से राज्य का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। महाराष्ट्र कांग्रेस पार्टी में एक बार फिर से भारी फूट होने की संभावना व्यक्त की जाने लगी है।

सुशील कुमार शिंदे ने आज ही सुबह कहा था कि वे दो बार चुनाव हार गए हैं। फिर भी भाजपा की ओर से उन्हें और उनकी विधायक बेटी प्रणिती शिंदे को पार्टी में शामिल होने का आफर दो बार आ चुका है। हालांकि इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि इस तरह का कोई आफर नहीं दिया गया है। आज ही दोपहर में मंत्री चंद्रकांत पाटिल सोलापुर स्थित सुशील कुमार शिंदे के आवास पर गए और शिंदे से मुलाकात की।

इसके बाद चंद्रकांत पाटिल ने पत्रकारों को बताया कि उनकी मुलाकात के दौरान इस तरह की कोई चर्चा नहीं हुई है। पाटिल ने कहा कि सुशील कुमार शिंदे और उनकी बेटी जाने माने स्वच्छ राजनीतिक घराने से हैं,प्रणिती शिंदे आक्रामक विधायक हैं। अगर यह लोग भाजपा में आएंगे तो उनका स्वागत है। पाटिल ने यह भी कहा कि जब इस तरह की बात होगी तो मीडिया को पता भी नहीं चलेगा।

इसी तरह आज मिलिंद देवड़ा समर्थक विधायक अमीन पटेल भी शिंदे समूह के नेता और मंत्री दीपक केसरकर से मिले। इन दोनों के बीच काफी देर तक चर्चा हुई, लेकिन दोनों नेताओं ने इस मुलाकात को व्यक्तिगत बताया है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय मुरली देवड़ा के बेटे मिलिंद देवड़ा हालही में शिंदे समूह की शिवसेना में शामिल हो गए हैं। अमीन पटेल मुरली देवड़ा के समय से ही देवड़ा समर्थक रहे हैं। इसलिए अमीन पटेल के बारे में चर्चा है कि निकट भविष्य में वे भी शिंदे समूह में शामिल हो सकते हैं। इसी तरह अंदरुनी जानकारी के मुताबिक कांग्रेस पार्टी के कई विधायक और नेता भाजपा और शिंदे समूह की शिवसेना के संपर्क में हैं।

संबंधित समाचार

ताजा खबर