Thursday, April 30, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमपी के 11 जिलों में छाया कोहरा, नमी की वजह से बूंदाबांदी...

एमपी के 11 जिलों में छाया कोहरा, नमी की वजह से बूंदाबांदी की संभावना

भोपाल (हि.स.)। उत्तर भारत में आज से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर मध्यप्रदेश में 20 फरवरी से दिखाई देगा। इसके प्रभाव से ग्वालियर-चंबल में हल्की बारिश होने का अनुमान है। इससे पहले बंगाल की खाड़ी से नमी आने की वजह से प्रदेश में बूंदाबांदी हो सकती है।

मध्यप्रदेश में इन दिनों हल्की सर्दी और कोहरे का मौसम चल रहा है, साथ ही कई जिलों में बादल भी छाए हुए हैं। शुक्रवार को छिंदवाड़ा, बैतूल, सिवनी और डिंडौरी जिलों में मौसम बदला रहा। बालाघाट जिले के मलाजखंड में हल्की बारिश भी हुई। शनिवार को जबलपुर, कटनी समेत 11 जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा रहा। राजधानी भोपाल में अगले 2 दिन मौसम साफ रहेगा, लेकिन 19 फरवरी से फिर से बादल छाएंगे। इसके अगले 4 दिन तक बादल रहेंगे। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।

इधर, प्रदेश में न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट दिखाई दे रही है। शुक्रवार की रात दतिया, ग्वालियर में न्यूनतम पारा 10° से नीचे रहा। पचमढ़ी में यह 11.2° दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान नर्मदापुरम में 17.7° रिकॉर्ड हुआ। भोपाल में 15.4, इंदौर में 16.2, ग्वालियर में 9.5, जबलपुर में 14.2 और उज्जैन में 15.0 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने शनिवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी से नमी आने की वजह से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदला है। आज से उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके असर से 20-21 फरवरी को ग्वालियर-चंबल में हल्की बारिश हो सकती है। अन्य हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं।

Related Articles

Latest News