Sunday, September 29, 2024
Homeमध्यप्रदेशधार की ऐतिहासिक भोजशाला में 71वें दिन भी जारी रहा एएसआई का...

धार की ऐतिहासिक भोजशाला में 71वें दिन भी जारी रहा एएसआई का सर्वे

भोपाल (हि.स.)। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ के आदेश पर धार की ऐतिहासिक भोजशाला में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) विभाग का सर्वे शुक्रवार को 71वें दिन भी जारी रहा। एएसआई के 10 अधिकारियों की टीम 33 श्रमिकों के साथ सुबह छह बजे भोजशाला परिसर में पहुंची और दोपहर 12 बजे बाहर आई। यहां टीम ने आधुनिक उपकरणों के जरिए वैज्ञानिक पद्धति से करीब छह घंटे काम किया। सर्वे टीम के साथ हिंदू पक्ष के गोपाल शर्मा, आशीष गोयल और मुस्लिम पक्ष के अब्दुल समद खान भी मौजूद रहे।

ज्ञानव्यापी की तर्ज पर जारी सर्वे के 71वें दिन एएसआई की टीम द्वारा भोजशाला परिसर में उत्तर दिशा में खुदाई का किया गया। इसके साथ ही अब तक मिले अवशेषों की ब्रशिंग और क्लीलिंग की गई। एक दिन पहले उत्तरी भाग से सनातनी संस्कृति से संबंधित आकृति वाला स्तंभ का टुकड़ा मिला था। इसे विभाग की तरफ से संरक्षित कर परीक्षण करने के लिए रख लिया गया है। सर्वे टीम ने रिपोर्ट को लेकर भोजशाला में दोबारा कुछ काम किए हैं। इसमें अलग-अलग स्तंभ व चित्रों को लेकर वीडियो ग्राफी व फोटोग्राफी का काम किया गया है। रिपोर्ट तैयार करने का काम भी चल रहा है।

शुक्रवार होने के चलते एएसआई की टीम दोपहर 12 बजे ही परिसर से बाहर आ गई थी। इसके बाद मुस्लिम समाज के लोगों को प्रवेश देना शुरू किया गया। यहां भोजशाला परिसर स्थित कमाल मौला मस्जिद में दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे तक मुस्लिम समाजजन ने जुमे की नमाज अदा की।

सर्वे टीम के साथ मौजूद रहे हिन्दू पक्षकार गोपाल शर्मा ने बताया कि आज उत्तर दिशा में खुदाई का काम जारी रहा। भोजशाला के अंदर की तरफ मौजूद ट्रेंच की ब्रशिंग और क्लीनिंग की गई। इसके साथ ही आज सिर्फ भोजशाला में गर्भगृह के यज्ञ कुंड के समीप मिट्टी हटाई गई। जिसमें कोई अवशेष नहीं मिला। उन्होंने बताया कि गुरुवार को उत्तरी भाग में एक खंभे का पुराना अवशेष टुकड़ा मिला। जिसको सर्वे टीम ने सुरक्षित किया है। यह खंभे का टुकड़ा दो बाय दो का है। उसमें संस्कृति से जुड़ी आकृतियां बनी हुई है।

संबंधित समाचार

ताजा खबर