Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयताज एक्सप्रेस के तीन कोचों में लगी आग पर पाया गया काबू,...

ताज एक्सप्रेस के तीन कोचों में लगी आग पर पाया गया काबू, सभी यात्री सुरक्षित

नई दिल्ली (हि.स.)। दिल्ली के सरिता विहार इलाके में सोमवार शाम चलती ट्रेन ताज एक्सप्रेस में आग लगने से ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की जानकारी मिलते ही ड्राइवर ने ट्रेन को रोक दिया। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्क्त के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात ये रही कि घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। रेलवे ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

रेलवे डीसीपी केपीएस मल्होत्रा के अनुसार, जांच में पचा चला कि ताज एक्सप्रेस ट्रेन (12280) के चेयर कार वाले जनरल के तीन डिब्बे डी-2, डी-3 और डी-4 में आग लगी थी। ताज एक्सप्रेस 10 घंटे लेट नई दिल्ली से झांसी जा रही थी। और दोपहर 3 बजे नई दिल्ली से रवाना हुई थी। इसी दौरान ओखला और तुगलकाबाद रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन के डिब्बों में आग लग गई।

दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि सोमवार शाम करीब 4.41 बजे सूचना मिली की सरिता विहार के पास एक ट्रेन में आग लग गई है। सूचना मिलते ही एक-एक कर दमकल विभाग की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने एक घंटे की भीतर आग पर काबू पाया। घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के दौरान यात्री साथ वाले कोच में चले गए थे। रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

Related Articles

Latest News