Thursday, September 19, 2024
Homeसमाचार LIVEएमपी के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिता का निधन, सौ साल...

एमपी के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिता का निधन, सौ साल की उम्र में ली अंतिम सांस

उज्जैन (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिता पूनमचंद यादव का निधन हो गया है। वे करीब 100 वर्ष के थे और एक हफ्ते से बीमार चल रहे थे, जिसके चलते उन्हें उज्जैन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार शाम को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा व राजेंद्र शुक्ला, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने गहरा दुख जताया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को भोपाल थे उन्होंने शाम को ही मंत्रि-परिषद की बैठक ली। इसके बाद पिता के निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन के लिए रवाना हो गए हैं। बुधवार सुबह 11:30 बजे उनका उज्जैन में अंतिम संस्कार होगा। यादव समाज से जुड़े लोग बताते हैं कि, पूनमचंद यादव ने अपने जीवन में काफी संघर्ष किया। उन्होंने बेटे नंदू यादव, नारायण यादव, मोहन यादव और बेटी कलावती, शांति देवी को अच्छी शिक्षा दिलाई। संघर्ष के दिनों में उनके पिता रतलाम से उज्जैन आ गए और सबसे पहले हीरा मिल में नौकरी की। इसके बाद शहर के मालीपुरा में भजिया और फ्रीगंज में दाल-बाफले की दुकान लगाई। 100 वर्ष की उम्र होने के बाद भी वे उपज बेचने के लिए खुद मंडी जाते थे।

सिर से पिता का साया उठ जाना जीवन की अपूरणीय क्षतिः शिवराज

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने X पर लिखा, ‘सिर से पिता का साया उठ जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है। पूज्य पिताजी भले ही भौतिक रूप से साथ नहीं हैं, किंतु उनके आशीर्वाद की छांव सदैव आपके साथ है।’

एक दिन पहले ही मुझे आशीर्वाद मिला थाः सिंधिया

केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया और उनके बेटे महा आर्यमन सिंधिया ने सोमवार को उज्जैन प्रवास के दौरान सीएम के पिता पूनमचंद यादव को देखने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। उनके निधन पर सिंधिया ने एक्स पर लिखा कि दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। एक दिन पहले ही मुझे उनसे मिलने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला था। मुख्यमंत्री और उनके परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

समाचार अत्यंत दुःखदः कमलनाथ

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के पूज्य पिताजी पूनमचंद यादव के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें एवं परिवार को यह दुःख सहन करने के शक्ति प्रदान करें।

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पूज्य पिताजी पूनमचंद यादव के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। पिता का साया सिर से उठना एक पुत्र पर उसके जीवन का सबसे बड़ा वज्रपात होता है। इस खालीपन को कभी भरा नहीं जा सकता। मध्यप्रदेश बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने भी शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।’

उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पूज्य पिता पूनमचंद यादव के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। बाबा महाकाल से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्मा को अपने परम धाम में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को गहन दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें।

वहीं, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने एक्स पर लिखा- पिता जीवन में एक वट वृक्ष की तरह होता है। जिसकी छाया सदैव उसकी संततियों को संबल प्रदान करती है। मैं पुण्यात्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और परम् पिता परमेश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को मोक्ष गति प्रदान करें। कष्ट की इस घड़ी में सभी परिजनों को संबल मिले।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक जताते हुए कहा कि डॉ मोहन यादव के पिता पूनमचंद यादव के निधन की खबर दुःखद है। भगवान दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं दुःख की इस घड़ी में परिजनों को संबल प्रदान करें।

मंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पूज्य पिताजी पूनम चंद यादव के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। पिता एक वट वृक्ष की तरह होते हैं, जिनकी छांव में पूरा परिवार फलता-फूलता है। उनका जाना एक रिक्त स्थान छोड़ता है। ईश्वर उन्हें अपने चरणों में स्थान दें, विनम्र श्रद्धांजलि।

वहीं मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पिता की कमी कोई पूरी नहीं कर सकता। आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पूजनीय पिताजी के देवलोकगमन के समाचार से मन व्यथित है। वे अद्भुत व्यक्तित्व के धनी थे। उनके सेवाभावी एवं जनकल्याण के कार्य सदैव हमारी स्मृतियों में रहेंगे, हमें प्रेरणा देते रहेंगे।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी जताया दुख

मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पिता पूनमचंद यादव का निधन दुखद है। मेरी हार्दिक श्रद्धांजलि। ईश्वर उन्हें अपनी शरण में ले और मोक्ष प्रदान करे। यह भी कामना है कि परिजनों और स्नेहियों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दे।

संबंधित समाचार

ताजा खबर