Saturday, October 26, 2024
Homeआस्था31 अक्टूबर को ही दीपावली मनाना शास्त्र सम्मत: महंत नारायण गिरी

31 अक्टूबर को ही दीपावली मनाना शास्त्र सम्मत: महंत नारायण गिरी

हरिद्वार (हि.स.)। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के प्रवक्ता तथा हिंदू यूनाइटेड फ्रंट के अध्यक्ष महंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि जैसी ज्योतिषीय स्थिति इस बार दीपावली पर्व पर बन रही है, वैसी ही स्थिति वर्ष 1963 में भी बनी थी। तब भी दीपावली का पर्व पहले दिन ही मनाया गया था। अतः दीपावली का पर्व 31 अक्टूबर को ही मनाना तर्कसंगत व शास्त्रसंगत होगा। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को रात्रि में अमावस्या तिथि ही नहीं है, तो उस दिन दीपावली का पर्व मनाना उचित नहीं होगा।

महाराजश्री ने बताया कि वर्ष 1963 में 16 अक्टूबर को अमावस्या सायंकाल 16.15 पर प्रारंभ हुई थी एवं 17 अक्टूबर 1963 को सायंकाल 18.13 पर समाप्त हुई थी। सूर्यास्त 17ः29 को हुआ था। दीपावली 16 अक्टूबर को ही लिखी गई थी, क्योंकि उस दिन ही पूरी रात्रि अमावस्या थी। 2024 में अमावस्‍या तिथि 31 अक्‍टूबर को दोपहर के बाद 3 बजकर 52 पर शुरू होकर 1 नवंबर को शाम 6 बजकर 16 मिनट तक रहेगी। 1 नवंबर को सूर्यास्त 17.32 पर है और अमावस्या का अंत 18.16 पर है। ऐसी स्थिति में वर्ष 1963 में पहले दिन यानि 16 अक्टूबर को ही दीपावली मनाई गई थी, क्योंकि अगले दिन रात्रि में अमावस्या का योग नहीं था। प्रदोष में अमावस्या व्याप्त नहीं थी और अर्धरात्रि में अमावस्या नहीं थी। इस वर्ष भी पहले दिन यानि 31 अक्टूबर को ही रात्रि में अमावस्या तिथि है। प्रदोष व अर्ध रात्रि में भी अमावस्या व्याप्त है। अतः 31 अक्टूबर 2024 को ही दीपावली शास्त्रसम्मत है।

महंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि देश की परंपराओं को खण्डित करने का षड्यंत्र चल रहा है। इसी कारण अधिकांश पर्व दो-दो दिन मनाए जाने लगे हैं, जो बहुत ही खतरनाक है। ऐसे षड्यंत्र का विरोध करना होगा, तभी देश की परम्पराएं बनी रहेंगी और सनातन धर्म को मजबूत किया जा सकेगा।

संबंधित समाचार

ताजा खबर