बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री और मथुरा से सांसद हेमा मालिनी ने एक बार फिर अपने शास्त्रीय नृत्य से दर्शकों का दिल जीत लिया। हैदराबाद में आयोजित नवरात्रि समारोह में उन्होंने अपनी प्रसिद्ध नृत्य नाटिका ‘दुर्गा’ की शानदार प्रस्तुति देकर देवी शक्ति के विभिन्न स्वरूपों को जीवंत कर दिया।
11 अक्टूबर को क्लासिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘आगरा डांडिया नवरात्रि सेलिब्रेशन’ के दौरान उनकी भावपूर्ण अदाकारी, आकर्षक भाव-भंगिमाओं और दिव्य अंदाज ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह कार्यक्रम अग्रवाल समाज, तेलंगाना की ओर से आयोजित किया गया था, जिसमें महाराजा अग्रसेन जयंती भी मनाई गई। इसके बाद 13 अक्टूबर को हेमा मालिनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो साझा किए, जिनमें वह माता पार्वती और मां दुर्गा के स्वरूप में नजर आईं।
उनकी इन झलकियों को प्रशंसकों ने खूब पसंद किया और कमेंट्स के जरिए उनके नृत्य, कला के प्रति समर्पण और आध्यात्मिक अभिव्यक्ति की जमकर तारीफ की। ‘ड्रीम गर्ल’ के नाम से मशहूर हेमा मालिनी ने फिल्मों में अपनी शानदार पहचान बनाने के साथ-साथ भारतीय शास्त्रीय नृत्य को भी नई पहचान दिलाई है।
अभिनय से राजनीति तक का सफर तय करने वाली हेमा मालिनी की यह प्रस्तुति एक बार फिर भारतीय संस्कृति, परंपरा और कला के प्रति उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाती है।








