Ather Energy अपने नए फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर Konarc को लेकर लगातार नई जानकारी सामने ला रही है। कंपनी के CEO तरुण मेहता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें स्कूटर के बॉडी पैनल पर मैग्नेट लगाकर इसकी मेटल बॉडी की झलक दिखाई गई। अगर कंपनी इसे इसी तरह पेश करती है, तो यह एथर के मौजूदा पॉलिमर और कंपोजिट बॉडी वाले स्कूटर्स से काफी अलग होगा।
Ather Konarc को 29 अगस्त को बेंगलुरु में Ather Community Day के दौरान लॉन्च किया जाएगा। यह कंपनी का नया मास-मार्केट इलेक्ट्रिक स्कूटर होगा और इसे नए EL प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा रहा है।
फैमिली स्कूटर जैसा डिजाइन, 14 इंच फ्रंट व्हील
Konarc को Ather 450 सीरीज के स्पोर्टी डिजाइन से अलग एक पारंपरिक फैमिली स्कूटर का लुक दिया गया है। इसमें हैंडलबार पर हेडलैंप, फ्रंट एप्रन पर चौड़ी LED DRL, लंबी सिंगल-पीस सीट, बड़ा फ्लोरबोर्ड और स्लिम LED टेल लैंप देखने को मिल सकता है।
स्कूटर में 14 इंच का फ्रंट और 12 इंच का रियर अलॉय व्हील दिए जाने की उम्मीद है। मेटल बॉडी इसे ज्यादा मजबूत और प्रीमियम बना सकती है, हालांकि इसके चलते वजन थोड़ा बढ़ने की संभावना भी है।
फीचर्स में मिल सकता है Ather का नया टेक्नोलॉजी पैकेज
फीचर्स की बात करें तो Konarc में Ather Stack 7.0 के साथ TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा वॉयस कमांड, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, पॉटहोल अलर्ट, रिवर्स असिस्ट, मल्टीपल राइडिंग मोड्स, हिल होल्ड और एयरवॉक वॉकिंग असिस्ट जैसे फीचर्स भी दिए जा सकते हैं।
स्कूटर में 450W का बिल्ट-इन चार्जर मिल सकता है। इसके साथ अतिरिक्त चार्जर का इस्तेमाल करके चार्जिंग स्पीड को और बेहतर करने का विकल्प भी मिल सकता है।
200km तक की रेंज, 2kWh से 5kWh तक बैटरी का विकल्प
Ather Konarc को EL प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा रहा है और इसमें अलग-अलग बैटरी क्षमता के विकल्प मिलने की संभावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बैटरी पैक 2kWh से 5kWh तक हो सकता है।
नए ‘Bedrock’ बैटरी पैक्स के साथ अलग-अलग वेरिएंट में IDC रेंज करीब 100km, 125km, 160km और 200km तक होने की उम्मीद है। मोटर को स्विंगआर्म पर माउंट किया जा सकता है, जिससे स्कूटर की राइड क्वालिटी बेहतर होने की संभावना है। ड्राइवट्रेन को भी काफी शांत रखने पर जोर दिया जा सकता है।
डिस्क ब्रेक से लेकर AEB सिस्टम तक, कीमत 1.25 लाख तक!
सेफ्टी के लिए Konarc में फ्रंट डिस्क और रियर ड्रम ब्रेक, टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क और सिंगल रियर शॉक एब्जॉर्बर मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा कंपनी इसमें Advanced Electronic Braking System (AEBS) भी पेश कर सकती है, जो एथर के स्कूटर्स में पहली बार देखने को मिल सकता है।
कीमत की बात करें तो Ather Konarc की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 1 लाख रुपये से 1.25 लाख रुपये के बीच रहने की उम्मीद है। इस प्राइस रेंज में इसका मुकाबला देश के पॉपुलर फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर्स से होगा।











