होंडा कार्स इंडिया ने अपनी लोकप्रिय मिड-साइज सेडान होंडा सिटी का नया स्पोर्टी वेरिएंट ‘सिटी स्पोर्ट’ लॉन्च कर दिया है। इस स्पेशल एडिशन की एक्स-शोरूम कीमत 14.89 लाख रुपये रखी गई है।
होंडा कंपनी ने कहा है कि सिटी स्पोर्ट वेरिएंट सीमित संख्या में उपलब्ध होगा। कंपनी ने सिटी स्पोर्ट में स्पोर्टी एक्सटीरियर स्टाइलिंग के साथ ब्लैक एक्सेंट्स, ऑल-ब्लैक इंटीरियर्स में रेड हाइलाइट्स और एंबियंट लाइटिंग दी गई है। होंडा सिटी स्पोर्ट को ‘लाइफ इज अ स्पोर्ट’ टैगलाइन के साथ उतारा गया है।
होंडा सिटी स्पोर्ट का बाहरी लुक
होंडा सिटी स्पोर्ट तीन कलर ऑप्शन रेडिएंट रेड मेटैलिक, प्लेटिनम व्हाइट पर्ल और मेटियोरॉइड ग्रे मेटैलिक के साथ में पेश किया जाएगा। होंडा सिटी स्पोर्ट के बाहरी लुक की बात करें तो इसमें स्पोर्टी ब्लैक ग्रिल, स्पोर्टी ब्लैक ट्रंक लिप स्पॉइलर, ग्लॉसी ब्लैक शार्क फिन एंटीना और एक्सक्लूसिव स्पोर्ट एम्बलम जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसकी सिल्हूट को मल्टी-स्पोक स्पोर्टी ग्रे अलॉय व्हील्स और ब्लैक ORVMs से और भी उभारा गया है।
होंडा सिटी स्पोर्ट का इंटीरियर
होंडा सिटी स्पोर्ट के इंटीरियर में स्पोर्टी ब्लैक केबिन दिया गया है। जो इसे एक प्रीमियम और स्पोर्टी माहौल प्रदान करता है। केबिन में काले रंग की चमड़े की सीटें और स्टीयरिंग व्हील दिए गए हैं, जिनमें आकर्षक रेड स्टिचिंग का कॉन्ट्रास्ट लुक देखने को मिलता है। डैशबोर्ड पर भी लाल रंग का इंसर्ट दिया गया है, जो पूरे इंटीरियर को और भी डाइनैमिक बनाता है। इसके अलावा इस वेरिएंट में ‘रिदमिक’ एम्बिएंट लाइटिंग का फीचर दिया गया है, जो सात अलग-अलग रंगों में उपलब्ध है, यह फीचर किसी अन्य होंडा सिटी वेरिएंट में नहीं मिलता।
होंडा सिटी स्पोर्ट का इंजन
होंडा सिटी स्पोर्ट में 1.5L i-VTEC पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो CVT और पैडल शिफ्ट के साथ 121 Hp की पीक पावर, 145 Nm का मैक्स टॉर्क और 18.4 km/l का फ्यूल माइलेज देता है। इसमें बेहतर सुरक्षा के लिए होंडा SENSING (ADAS) भी दिया गया है।











