होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने भारत में एक नया स्कूटर Honda X-ADV 750 लॉन्च कर दिया है। इस स्कूटर की बुकिंग बिगविंग डीलरशिप पर शुरू हो गई है और डिलीवरी जून से शुरू होगी। Honda X-ADV 750 की एक्स शोरूम कीमत 11.90 रुपये से शुरू होती है। हॉट लुक और खूबसूरत डिजाइन वाले इस स्कूटर को भारत में पर्ल ग्लेयर व्हाइट और ग्रेफाइट ब्लैक कलर ऑप्शन के साथ लॉन्च किया गया है।
Honda X-ADV 750 दमदार बॉडी और लेटेस्ट फीचर्स से लैस है। इसमें 5-पॉजिशन एडजस्टेबल विंडस्क्रीन, स्पोक व्हील और डुअल-स्पोर्ट टायर दिए गए हैं। इसमें होंडा सेलेक्टेबल टॉर्क कंट्रोल (HSTC) भी है। इसके अलावा इसमें राइड-बाय-वायर थ्रॉटल है, जो चार डिफ़ॉल्ट राइडिंग मोड को सपोर्ट करता है। इसमें स्टैंडर्ड, स्पोर्ट, रेन और ग्रेवल का ऑप्शन है। ये मोड पावर डिलीवरी, इंजन ब्रेकिंग और ट्रैक्शन कंट्रोल को एडजस्ट करते हैं। इसमें एक यूजर मोड भी है, जिसे राइडर के हिसाब से कस्टमाइज किया जा सकता है।
Honda X-ADV 750 में लिक्विड-कूल्ड 745CC का ट्विन-सिलिंडर इंजन दिया गया है, ये इंजन 6,250 rpm पर 54 bhp की पावर और 4,750 rpm पर 68 Nm का पीक टॉर्क देता है। इसे 6-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से जोड़ा गया है।
इसके अलावा Honda X-ADV 750 में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के साथ 5 इंच का TFT डिस्प्ले, एक स्मार्ट की, होंडा स्मार्टफोन वॉयस कंट्रोल सिस्टम, सीट के नीचे 22-लीटर स्टोरेज कम्पार्टमेंट, एक स्टेप-अप सीट, एक 1.2-लीटर ग्लोवबॉक्स, एक USB चार्जिंग पोर्ट और एक सेंटर स्टैंड सहित कई शानदार लेटेस्ट फीचर्स दिए गए हैं।








