Friday, September 18, 2026
HomeAutoHyundai Bayon की पहली झलक आई सामने, शार्प लुक और 17 इंच...

Hyundai Bayon की पहली झलक आई सामने, शार्प लुक और 17 इंच अलॉय ने खींचा ध्यान

Hyundai ने अपनी अपकमिंग मिडसाइज SUV Bayon को लेकर नया टीजर जारी किया है। कंपनी की ओर से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में पहली बार SUV के एक्सटीरियर डिजाइन की कई अहम डिटेल्स साफ दिखाई दे रही हैं। इससे कुछ दिन पहले Hyundai ने इसके डिजाइन स्केच भी जारी किए थे। माना जा रहा है कि Bayon को भारतीय बाजार में Venue और Creta के बीच पोजिशन किया जाएगा।

कंपनी ने इसके लॉन्च को लेकर फेस्टिव सीजन का संकेत दिया है। खास बात यह है कि Bayon का डिजाइन पारंपरिक बॉक्सी SUV की बजाय क्रॉसओवर स्टाइल में नजर आएगा, जिससे इसका लुक बाकी मॉडल्स से अलग दिखाई दे सकता है। SUV की लंबाई 4 मीटर से ज्यादा होने की उम्मीद है और इसकी संभावित कीमत 9 लाख रुपये से 14 लाख रुपये एक्स-शोरूम के बीच हो सकती है।

सामने से दिखा शार्प और मॉडर्न लुक

नए टीजर में Bayon का फ्रंट डिजाइन काफी हद तक सामने आ गया है। SUV में स्प्लिट-हेडलैंप सेटअप देखने को मिलेगा। ऊपर की तरफ स्लीक इनवर्टेड एल-शेप डिजाइन वाले LED DRLs दिए गए हैं, जिन्हें ब्लैक हाउसिंग में रखा गया है। मुख्य हेडलैंप यूनिट्स इससे नीचे बंपर पर लगाई गई हैं।

यह सेटअप Hyundai Verna के डिजाइन एलिमेंट्स की याद दिलाता है। फ्रंट हिस्से में पार्किंग सेंसर भी दिखाई दे रहे हैं। कंपनी ने लाइटिंग डिजाइन को काफी शार्प रखा है, जिससे SUV का फ्रंट हिस्सा ज्यादा प्रीमियम और आधुनिक नजर आता है।

17 इंच के अलॉय और मोटी क्लैडिंग

साइड प्रोफाइल की बात करें तो टीजर में 17 इंच के डुअल-टोन अलॉय व्हील्स नजर आए हैं। इनका डिजाइन ज्योमेट्रिक पैटर्न के साथ तैयार किया गया है, जिसमें ब्लैक और सिल्वर फिनिश देखने को मिलती है। व्हील आर्च के आसपास मोटी ब्लैक क्लैडिंग दी गई है, जो Bayon को क्रॉसओवर के साथ SUV वाला अंदाज भी देती है।

दरवाजों पर उभरती हुई शार्प कैरेक्टर लाइन्स दिखाई देती हैं। इसके अलावा स्पाई शॉट्स में रेगुलर पुल-टाइप डोर हैंडल्स और फंक्शनल रूफ रेल्स भी नजर आए हैं। फ्लेयर्ड व्हील आर्च इसके साइड डिजाइन को और ज्यादा मजबूत लुक देते हैं।

पीछे की डिजाइन भी होगी अलग

Bayon के रियर हिस्से में भी Hyundai ने काफी अलग डिजाइन अपनाया है। यहां स्लिम रैपअराउंड LED टेललाइट्स दी गई हैं, जिनका आकार भी इनवर्टेड एल-शेप में नजर आता है। दोनों टेललाइट यूनिट्स को एक मोटी ब्लैक स्ट्रिप आपस में जोड़ती हुई दिखाई देती है।

रियर में वाइपर और आंशिक रूप से ब्लैकआउट सी-पिलर भी टीजर में नजर आए हैं। कुल मिलाकर पीछे से SUV का डिजाइन साफ-सुथरा होने के साथ-साथ स्पोर्टी दिखाई देता है। हालांकि कंपनी ने अभी इसके सभी डिजाइन एलिमेंट्स का खुलासा नहीं किया है।

Creta वाला इंजन मिल सकता है

पावरट्रेन की बात करें तो Hyundai Bayon में Creta से लिया गया 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना जताई जा रही है। इसे मैनुअल और CVT गियरबॉक्स विकल्पों के साथ पेश किए जाने की उम्मीद है। इसके अलावा कंपनी इसमें फैक्ट्री-फिटेड CNG किट का विकल्प भी दे सकती है।

अगर ऐसा होता है तो 4 मीटर से ज्यादा लंबी Hyundai कार में यह पहली फैक्ट्री-फिटेड CNG पेशकश हो सकती है। हालांकि इंजन, गियरबॉक्स और CNG से जुड़ी आधिकारिक जानकारी कंपनी की ओर से लॉन्च के समय ही स्पष्ट की जाएगी।

अंदर मिलेगा i20 जैसा प्रीमियम केबिन

Bayon के इंटीरियर को लेकर पहले जारी किए गए डिजाइन स्केच से काफी जानकारी सामने आई थी। इसके केबिन का डिजाइन ब्राजील-स्पेक चौथी पीढ़ी की i20 से प्रेरित होने की उम्मीद है। इसमें लेयर्ड डैशबोर्ड डिजाइन, डुअल डिजिटल स्क्रीन और थ्री-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मिल सकता है।

सेंटर कंसोल पर वर्टिकल AC कंट्रोल पैनल दिया जा सकता है। Hyundai Bayon को खासतौर पर शहरी ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार कर रही है। फेस्टिव सीजन में इसकी संभावित एंट्री और 9 से 14 लाख रुपये की अनुमानित कीमत इसे Hyundai की मौजूदा SUV रेंज में एक नया विकल्प बना सकती है। हालांकि कीमत, फीचर्स और पावरट्रेन की अंतिम जानकारी लॉन्च के समय सामने आएगी।

Related Articles

Latest News