Sunday, January 25, 2026
HomeAutoमारुति ईको सहित वैगन आर एवं आल्टो K10 में मिलेंगे छह एयरबैग,...

मारुति ईको सहित वैगन आर एवं आल्टो K10 में मिलेंगे छह एयरबैग, सुरक्षित होगा सफर

नई दिल्ली (हि.स)। देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने अपनी वैगन आर, आल्टो के 10 और ईको मॉडल की सभी कारों में छह एयरबैग को मानक के रूप में शामिल किया है। कंपनी द्वारा यह अपडेट सुरक्षा को बढ़ाने के लिए किया है। अब इन कारों में सफर के दौरान यात्री पहले से ज्‍यादा सुरक्षित रहेंगे।

मारुति सुजुकी इंडिया प्रबंधन द्वारा सोमवार को जारी बयान के मुताबिक वैगनआर, ऑल्टो के 10, सेलेरियो और ईको जैसे मॉडल के सभी संस्करणों में छह एयरबैग की पेशकश करेगी। कंपनी ने कहा कि यह कदम विभिन्न क्षेत्रों में ग्राहकों के लिए बढ़ी हुई सुरक्षा की पेशकश करने की कंपनी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

कंपनी के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन एवं बिक्री) पार्थो बनर्जी ने कहा कि भारत में तेजी से फैल रहे आधुनिक सड़क ढांचे, हाई-स्पीड एक्सप्रेस-वे और विकसित हो रहे मोबिलिटी पैटर्न से पता चलता है कि मजबूत सुरक्षा उपायों की जरूरत पहले कभी इतनी अधिक नहीं थी। वैगन आर, ऑल्टो के 10, सेलेरियो और ईको में छह एयरबैग को मानक बनाने के निर्णय के साथ कंपनी यह सुनिश्चित कर रही है कि सभी के लिए बेहतर सुरक्षा उपलब्ध हो।

पार्थो बनर्जी ने बताया कि इन मॉडल की अपार लोकप्रियता को देखते हुए, यह कदम बड़ी संख्या में मोटर चालकों के लिए सुरक्षा मानकों को काफी हद तक बढ़ाता है और देश भर में यात्रियों की सुरक्षा में समग्र रूप से योगदान देता है। दरअसल मारूति अपने एरेना बिक्री नेटवर्क के जरिये वैगन आर, ऑल्टो के 10, सेलेरियो और ईको जैसे मॉडल की बिक्री करती है, जबकि नेक्सा नेटवर्क के जरिये वह बलेनो, ग्रैंड विटारा और इनविक्टो जैसे प्रीमियम मॉडल बेचती है।

Related Articles

Latest News