Wednesday, September 30, 2026
HomeAutoMercedes की इलेक्ट्रिक GLC की धांसू एंट्री, फीचर्स देखकर रह जाएंगे दंग

Mercedes की इलेक्ट्रिक GLC की धांसू एंट्री, फीचर्स देखकर रह जाएंगे दंग

मर्सिडीज-बेंज भारतीय लग्जरी इलेक्ट्रिक SUV बाजार में अपनी नई GLC Electric 400 4MATIC लेकर आने की तैयारी में है। कंपनी इस इलेक्ट्रिक SUV को 4 नवंबर 2026 को भारत में लॉन्च करेगी। खास बात यह है कि इसे पुणे के चाकन प्लांट में लोकली असेंबल किया जाएगा और यूरोप में बिक्री शुरू होने के करीब छह महीने के भीतर भारत लाया जा रहा है।

कंपनी के मुताबिक, यह उसके किसी ग्लोबल मॉडल का भारत में लोकल असेंबली के साथ आने वाला सबसे तेज लॉन्च है। इसकी बुकिंग अक्टूबर के पहले सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है। भारत में शुरुआत में इसका सिर्फ 400 4MATIC वेरिएंट उपलब्ध होगा।

94kWh बैटरी और 715KM की जबरदस्त रेंज

GLC Electric 400 4MATIC में 94kWh की NMC बैटरी दी गई है। इसमें डुअल इलेक्ट्रिक मोटर सेटअप मिलता है, जो चारों पहियों को पावर देता है। इसका कुल आउटपुट करीब 489bhp और 800Nm है।

करीब 2.5 टन वजन वाली इस SUV को 0 से 100kmph की रफ्तार पकड़ने में महज 4.3 सेकंड लगते हैं, जबकि इसकी टॉप स्पीड 210kmph है। Mercedes-Benz का दावा है कि यह WLTP साइकिल पर 715km तक की रेंज दे सकती है। हालांकि वास्तविक रेंज ड्राइविंग कंडीशन, व्हील और अन्य कॉन्फिगरेशन पर निर्भर करेगी।

800V टेक्नोलॉजी और 330kW फास्ट चार्जिंग

इस इलेक्ट्रिक SUV में 800V इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर दिया गया है, जो इसे हाई-स्पीड DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट देता है। Mercedes-Benz के मुताबिक GLC Electric को 330kW तक की DC चार्जिंग से चार्ज किया जा सकता है। कंपनी का दावा है कि बैटरी को 10 से 80 प्रतिशत तक करीब 22 मिनट में चार्ज किया जा सकता है। वहीं उपयुक्त परिस्थितियों में सिर्फ 10 मिनट की चार्जिंग से करीब 300 किलोमीटर तक की WLTP रेंज जोड़ी जा सकती है।

स्टार वाली डिजाइन और दमदार रोड प्रेजेंस

डिजाइन के मामले में GLC Electric को Mercedes-Benz की नई इलेक्ट्रिक डिजाइन लैंग्वेज के हिसाब से तैयार किया गया है। सामने बड़ा इल्यूमिनेटेड ग्रिल और स्टार-पैटर्न वाली LED लाइटिंग दी गई है। पीछे भी स्टार थीम वाली LED टेललाइट्स इसे अलग पहचान देती हैं। भारत में आने वाला मॉडल 2,972mm के स्टैंडर्ड व्हीलबेस के साथ आएगा, जबकि चीन में उपलब्ध लॉन्ग-व्हीलबेस वर्जन भारत के लिए फिलहाल नहीं लाया जा रहा है। SUV की लंबाई करीब 4,845mm, चौड़ाई 1,913mm और ऊंचाई 1,644mm है।

अंदर 39.1 इंच की Hyperscreen का जलवा

केबिन में सबसे बड़ा आकर्षण 39.1 इंच की MBUX Hyperscreen है। यह डैशबोर्ड की लगभग पूरी चौड़ाई में फैली है और ड्राइवर डिस्प्ले, सेंटर इंफोटेनमेंट स्क्रीन और पैसेंजर स्क्रीन को एक साथ जोड़ती है। इसमें नई जनरेशन का MBUX सिस्टम और AI असिस्टेंट भी दिया गया है।

खास बात यह है कि स्क्रीन और टच कंट्रोल के बावजूद Mercedes ने स्टीयरिंग और सेंटर कंसोल पर कुछ फिजिकल बटन और नॉब्स भी रखे हैं। SUV में 570 लीटर का बूट स्पेस मिलता है, जो पीछे की सीटें फोल्ड करने पर 1,740 लीटर तक बढ़ जाता है। आगे भी अतिरिक्त स्टोरेज स्पेस मिलता है।

सेफ्टी और टेक्नोलॉजी में भी हाईटेक पैकेज

GLC Electric में Mercedes-Benz के एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम और कई एक्टिव-सेफ्टी फीचर्स दिए जाएंगे। इंटरनेशनल मॉडल में कैमरा, रडार और अल्ट्रासोनिक सेंसर आधारित ड्राइवर-असिस्टेंस तकनीक मिलती है। इसके अलावा रियर-एक्सल स्टीयरिंग जैसी तकनीक भी उपलब्ध है, जिससे कम स्पीड पर SUV को मोड़ना आसान होता है। भारत-स्पेक मॉडल के कुछ फीचर्स की अंतिम जानकारी लॉन्च के करीब सामने आने की उम्मीद है।

80-90 लाख रुपये के बीच हो सकती है कीमत

Mercedes-Benz ने अभी GLC Electric की भारत में आधिकारिक कीमत का खुलासा नहीं किया है। लोकल असेंबली को देखते हुए इसकी अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत करीब 80 से 90 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। लॉन्च के बाद यह मौजूदा पेट्रोल इंजन वाली GLC के साथ बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगी। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में आने वाली BMW iX3 जैसी कारों से होगा।

Related Articles

Latest News