Mitsubishi Motors ने अपनी मशहूर ऑफ-रोड SUV Pajero को बिल्कुल नए अवतार में पेश किया है। लंबे अंतराल के बाद कंपनी ने इसकी पांचवीं जनरेशन को ग्लोबल मार्केट के लिए तैयार किया है। 1982 में पहली बार लॉन्च हुई Pajero की पिछली चार जनरेशन की दुनियाभर में 3.29 मिलियन से ज्यादा यूनिट बिक चुकी हैं।
नई जनरेशन को Mitsubishi के नए फ्लैगशिप क्रॉस-कंट्री SUV के तौर पर उतारा गया है। इसका प्रोडक्शन थाईलैंड में Triton के साथ किया जाएगा। कंपनी पहले इसे थाईलैंड में लॉन्च करेगी, इसके बाद जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे बाजारों में एंट्री होगी। 2027 से इसे ASEAN, लैटिन अमेरिका और मिडिल ईस्ट समेत करीब 100 देशों में पहुंचाने की योजना है।
पुराने DNA के साथ नया और दमदार डिजाइन
नई Pajero के डिजाइन में कंपनी ने पहली जनरेशन से चले आ रहे बोल्ड और अपराइट स्टांस को बरकरार रखा है। SUV में चौड़े फेंडर्स, मजबूत बॉडी सरफेस और हॉरिजॉन्टल डिजाइन एलिमेंट्स इसे काफी दमदार रोड प्रेजेंस देते हैं।
फ्रंट में Mitsubishi की Kendo से प्रेरित ग्रिल डिजाइन देखने को मिलती है। इसमें हॉरिजॉन्टल बार और हनीकॉम्ब पैटर्न जैसे विकल्प मिलते हैं। T-शेप LED हेडलाइट्स इसे मॉडर्न लुक देती हैं।
इसके अलावा C-पिलर का डिजाइन रोल-बार से प्रेरित है, जबकि रियर हिस्से में हेक्सागोनल डिजाइन पुराने स्पेयर व्हील की याद दिलाता है। SUV की लंबाई करीब 4,920mm, चौड़ाई 1,925mm और ऊंचाई 1,910mm है।
अंदर से भी मिलेगी लग्जरी वाली फील
नई Pajero के केबिन को ऑफ-रोड क्षमता के साथ प्रीमियम और आरामदायक बनाने पर भी खास ध्यान दिया गया है। इसमें हॉरिजॉन्टल इंस्ट्रूमेंट पैनल दिया गया है, जो पहली जनरेशन के डिजाइन से प्रेरित है।
डैशबोर्ड पर दो 14.3-इंच स्क्रीन वाला बड़ा डिजिटल सेटअप मिलता है। इसमें डिजिटल मल्टी-मीटर भी है, जो ऊंचाई, कंपास और पिच-रोल एंगल जैसी ऑफ-रोडिंग से जुड़ी जानकारी दिखा सकता है।
इंटीरियर में जापानी कारीगरी से प्रेरित सॉफ्ट-टच मटेरियल और स्टिचिंग का इस्तेमाल किया गया है। Camel और Black कलर थीम के साथ केबिन को प्रीमियम लुक देने की कोशिश की गई है।
7-सीटर केबिन में मिलेगा भरपूर स्पेस
नई Pajero में 7-सीटर थ्री-रो लेआउट दिया गया है। सेकंड रो को स्लाइड किया जा सकता है, जिससे जरूरत के हिसाब से पैसेंजर और सामान के लिए जगह को एडजस्ट करना आसान होगा।
थर्ड रो तक एयर वेंट और USB Type-C पोर्ट दिए गए हैं। यानी पीछे बैठने वाले यात्रियों के आराम और कनेक्टिविटी का भी ध्यान रखा गया है।
फीचर्स की लिस्ट भी है लंबी
फीचर्स की बात करें तो नई Pajero में एडवांस इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, 16 बैकग्राउंड थीम वाले डिजिटल मीटर और Yamaha का 12-स्पीकर ऑडियो सिस्टम मिलता है।
इसके अलावा Acoustic Glass, वायरलेस चार्जर, Heated और Ventilated फ्रंट सीट्स और 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
सेफ्टी में भी कंपनी ने नहीं छोड़ी कोई कसर
सेफ्टी के लिहाज से SUV में 8 एयरबैग्स दिए गए हैं। खास बात यह है कि इनमें SRS सेंटर एयरबैग भी शामिल है।
इसके अलावा Forward Collision Mitigation सिस्टम मिलता है, जिसमें पैदल यात्रियों, साइकिलिस्ट और मोटरसाइकिलिस्ट को पहचानने जैसी क्षमताएं शामिल हैं। Junction Assist, Predictive Forward Collision Warning और Pedal Misapplication के लिए Emergency Assist जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
SUV में Emergency Lane Assist और MI-PILOT Adaptive Cruise Control के साथ Lane Guidance सिस्टम भी मिलता है।
2.4 लीटर डीजल इंजन देगा 480Nm का टॉर्क
पावरट्रेन की बात करें तो नई Pajero में 2.4-लीटर क्लीन डीजल इंजन दिया गया है। इसमें Single Wide-Range VGT Turbo का इस्तेमाल किया गया है। इंजन करीब 150kW की पावर और 480Nm तक का टॉर्क जनरेट करता है।
इंजन को नए 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है। इसमें Sport Mode भी मिलता है।
4WD सिस्टम और 7 ड्राइव मोड का दम
ऑफ-रोडिंग के लिए SUV में Mitsubishi का Super Select 4WD-II सिस्टम दिया गया है। इसमें 2H, 4H, 4HLC और 4LLC जैसे ड्राइव मोड मिलते हैं। इसके अलावा S-AWC सिस्टम भी मौजूद है।
नई Pajero को Eco, Normal, Gravel, Snow, Mud, Sand और Rock जैसे 7 ड्राइव मोड के साथ पेश किया गया है। यानी अलग-अलग रास्तों और परिस्थितियों के हिसाब से ड्राइविंग सेटिंग बदली जा सकती है।
230mm ग्राउंड क्लीयरेंस से ऑफ-रोडिंग होगी आसान
SUV में Double-Wishbone फ्रंट और Five-Link Rigid रियर सस्पेंशन दिया गया है। कंपनी ने इसे ऑफ-रोड क्षमता के साथ आरामदायक राइड देने के हिसाब से तैयार किया है।
इसका ग्राउंड क्लीयरेंस करीब 230mm है, जो खराब रास्तों, ऊबड़-खाबड़ ट्रैक और ऑफ-रोड परिस्थितियों में काफी मददगार साबित हो सकता है।
Pajero की वापसी से बढ़ेगा मुकाबला
कुल मिलाकर नई Mitsubishi Pajero में पुराने Pajero का मजबूत DNA और आधुनिक SUV की प्रीमियम टेक्नोलॉजी का कॉम्बिनेशन देखने को मिलता है। दमदार डीजल इंजन, 4WD सिस्टम, 7 ड्राइव मोड, 230mm ग्राउंड क्लीयरेंस और 7-सीटर केबिन इसे एक मजबूत ऑफ-रोड SUV बनाते हैं।
अब देखना होगा कि ग्लोबल मार्केट में नई Pajero को ग्राहकों से कैसी प्रतिक्रिया मिलती है और क्या Mitsubishi इसे भविष्य में भारतीय बाजार में भी उतारती है।










