Wednesday, September 16, 2026
HomeAutoVolvo ने कर दिया खेला! पेट्रोल रहेगा बैकअप, शहर में चलेगी बिजली...

Volvo ने कर दिया खेला! पेट्रोल रहेगा बैकअप, शहर में चलेगी बिजली पर

Volvo ने अपनी पॉपुलर लग्जरी SUV XC60 और XC90 को नए लॉन्ग-रेंज प्लग-इन हाइब्रिड यानी PHEV पावरट्रेन के साथ पेश किया है। कंपनी का दावा है कि नई XC60 फुल चार्ज में WLTP सर्टिफिकेशन के अनुसार 200 किलोमीटर तक सिर्फ इलेक्ट्रिक पावर पर चल सकती है, जबकि बड़ी XC90 करीब 160 से 164 किलोमीटर तक की प्योर इलेक्ट्रिक रेंज देती है।

खास बात यह है कि दोनों SUV में पहले के मुकाबले ढाई गुना से ज्यादा इलेक्ट्रिक रेंज मिल रही है। यानी रोजाना ऑफिस, बाजार या शहर के अंदर होने वाली ज्यादातर ड्राइविंग को पेट्रोल इंजन चालू किए बिना पूरा किया जा सकता है।

इन दोनों SUVs में 41.2kWh की बैटरी दी गई है, जिसमें 37.9kWh क्षमता इस्तेमाल के लिए उपलब्ध रहती है। बैटरी को SUV के फ्लोर में इंटीग्रेट किया गया है, जिससे केबिन स्पेस को प्रभावित किए बिना ज्यादा इलेक्ट्रिक रेंज हासिल करने में मदद मिलती है। Volvo का मानना है कि लॉन्ग-रेंज PHEV तकनीक ग्राहकों को पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार की तरफ बढ़ने के लिए एक आसान रास्ता देती है। पेट्रोल इंजन लंबी दूरी की यात्रा के दौरान बैकअप देता रहेगा, जबकि शहर में इलेक्ट्रिक मोटर पर ड्राइविंग की जा सकती है।

Volvo XC60 को मिला नया डिजाइन, XC90 का लुक बरकरार

नई XC60 को डिजाइन के मोर्चे पर भी बड़ा अपडेट मिला है। SUV के फ्रंट में नया ग्रिल, अपडेटेड बोनट और फ्रंट विंग्स दिए गए हैं। इसके अलावा Volvo ने इसमें रिवाइज्ड Thor’s Hammer Matrix LED हेडलाइट्स लगाए हैं, जो इसके फ्रंट लुक को और प्रीमियम बनाते हैं।

पीछे की तरफ नई रियर लाइट्स, अपडेटेड टेलगेट और रियर बंपर देखने को मिलते हैं। SUV में नए डिजाइन के 20 और 21 इंच के अलॉय व्हील्स भी उपलब्ध होंगे। इसके साथ Heather Bronze जैसे नए कलर ऑप्शन भी जोड़े गए हैं।

वहीं XC90 को 2024 में फेसलिफ्ट के दौरान बड़ा डिजाइन अपडेट मिल चुका है, इसलिए नए PHEV वर्जन में एक्सटीरियर में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं किया गया है। दोनों SUVs को Black Edition में भी पेश किया जाएगा, जिससे इनका लुक और ज्यादा प्रीमियम और स्पोर्टी नजर आएगा।

केबिन में प्रीमियम फील के साथ बड़ा टचस्क्रीन

XC60 के इंटीरियर को भी नए डिजाइन के साथ अपडेट किया गया है। इसमें नया डैशबोर्ड और डोर पैनल डिजाइन दिया गया है। केबिन में वुड ट्रिम और Cardamom वेंटिलेटेड Nappa लेदर जैसे प्रीमियम विकल्प मिलते हैं। इनडायरेक्ट एम्बिएंट लाइटिंग के जरिए केबिन में स्कैंडिनेवियन स्टाइल का शांत माहौल तैयार किया गया है।

SUV में 11.2 इंच का पोर्ट्रेट-स्टाइल टचस्क्रीन मिलता है, जिस पर नया यूजर इंटरफेस काम करता है। XC90 में पहले से मौजूद बड़ा और आरामदायक केबिन बरकरार रखा गया है। इसमें सात लोगों के बैठने की क्षमता वाला लेआउट मिलता है। इसके अलावा ग्राहकों को ऑप्शनल Bowers & Wilkins साउंड सिस्टम भी मिल सकता है। दोनों SUVs में प्रीमियम मटेरियल और आरामदायक सीटिंग पर खास ध्यान दिया गया है।

Google Gemini AI से और स्मार्ट हुआ इंफोटेनमेंट

Volvo की नई XC60 और XC90 में टेक्नोलॉजी के मामले में भी कई अपडेट देखने को मिलते हैं। दोनों SUVs में Google Gemini AI वॉयस असिस्टेंट दिया गया है, जिससे ड्राइवर वॉयस कमांड के जरिए कई काम कर सकता है। इसके अलावा ओवर-द-एयर सॉफ्टवेयर अपडेट और 3D व्यू के साथ 360 डिग्री कैमरा सिस्टम भी उपलब्ध है।

XC60 में लेन चेंज असिस्ट और ज्यादा एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम जोड़े गए हैं। कंपनी ने इंफोटेनमेंट इंटरफेस को भी पहले की तुलना में आसान बनाया है, ताकि जरूरी फंक्शन तक पहुंचने के लिए कम टैप करने पड़ें।

सेफ्टी में सेंसर और AI का दम

Volvo अपनी सेफ्टी के लिए जानी जाती है और नई SUVs में भी कंपनी ने इस पर खास ध्यान दिया है। XC60 में अपग्रेडेड सेंसर सूट दिया गया है, जिसमें अतिरिक्त रडार, कैमरे और अल्ट्रासोनिक सेंसर शामिल हैं। SUV में ऑटोमैटिक इमरजेंसी स्टीयरिंग और ब्रेकिंग, साइक्लिस्ट डोर अलर्ट और कोलिजन प्रिवेंशन सिस्टम जैसे फीचर्स मिलते हैं।

XC90 में भी Volvo के हाई सेफ्टी स्टैंडर्ड के तहत कई एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस और सेफ्टी फीचर्स मौजूद हैं। इसका उद्देश्य ड्राइविंग के दौरान संभावित खतरे को पहले पहचानकर ड्राइवर को अलर्ट करना और जरूरत पड़ने पर वाहन की प्रतिक्रिया में मदद करना है।

200KM तक इलेक्ट्रिक रेंज के साथ दमदार पावर

पावरट्रेन की बात करें तो दोनों SUVs में 2.0-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन के साथ करीब 130kW की ज्यादा पावरफुल इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है। XC60 में T6 Long Range वर्जन करीब 357hp की संयुक्त पावर देता है। यह SUV 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार करीब 5.7 सेकंड में पकड़ सकती है और इसकी इलेक्ट्रिक रेंज 200 किलोमीटर तक है।

XC60 के ज्यादा पावरफुल T8 वर्जन में करीब 461hp की संयुक्त पावर मिलती है और 0-100kmph की रफ्तार पकड़ने में लगभग 4.8 सेकंड लगते हैं। इसकी इलेक्ट्रिक रेंज करीब 189 किलोमीटर तक बताई गई है। दूसरी तरफ XC90 में T8 पावरट्रेन करीब 455hp की संयुक्त ताकत के साथ आता है और यह करीब 5 से 5.2 सेकंड में 0-100kmph की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी प्योर इलेक्ट्रिक रेंज 160 से 164 किलोमीटर तक है। दोनों SUVs की टॉप स्पीड 180kmph तक सीमित है।

फुल चार्ज और फुल टैंक में 1200KM से ज्यादा का सफर

लॉन्ग-रेंज PHEV सेटअप का सबसे बड़ा फायदा लंबी दूरी में नजर आता है। Volvo के अनुसार फुल बैटरी और फुल फ्यूल टैंक के साथ XC60 कुल मिलाकर 1200 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर सकती है, जबकि XC90 की कुल रेंज 1000 किलोमीटर से ज्यादा हो सकती है। होम चार्जर की मदद से बैटरी को करीब चार घंटे में फुल चार्ज किया जा सकता है।

फिलहाल इन नए लॉन्ग-रेंज PHEV मॉडल्स के ऑर्डर चुनिंदा बाजारों में शुरू हो गए हैं और प्रोडक्शन इस साल के अंत में शुरू होने की उम्मीद है। भारत में XC60 और XC90 के इन नए लॉन्ग-रेंज PHEV वर्जन की उपलब्धता को लेकर Volvo की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। अगर ये मॉडल भारत आते हैं, तो लंबी इलेक्ट्रिक रेंज और पेट्रोल इंजन के कॉम्बिनेशन के साथ प्रीमियम SUV ग्राहकों के लिए नया विकल्प सामने आ सकता है।

Related Articles

Latest News