Aamir Khan : बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने अपनी साथी गौरी स्प्रैट के साथ जीवन की नई पारी शुरू कर दी है। करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने रविवार को मुंबई के बांद्रा स्थित पाली हिल स्थित आमिर के घर में बेहद निजी समारोह में शादी कर ली।
इस मौके पर केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही मौजूद रहे। आमिर खान पहले ही संकेत दे चुके थे कि उनकी शादी किसी भव्य आयोजन के बजाय सादगीपूर्ण तरीके से होगी। इसी के तहत दोनों ने घर पर रजिस्टर्ड मैरिज की और इसके बाद परिवार व खास दोस्तों के साथ एक छोटा-सा सेलिब्रेशन आयोजित किया।
Aamir Khan : कई खास मेहमान बने समारोह का हिस्सा
शादी में आमिर खान के परिवार के अलावा उनके बच्चे जुनैद खान, इरा खान और आजाद भी मौजूद रहे. समारोह में फिल्म निर्देशक आशुतोष गोवारिकर, अभिनेता वीर दास, क्रिकेटर इरफान पठान, राज ठाकरे सहित कई करीबी दोस्त शामिल हुए. यह आयोजन पूरी तरह निजी रखा गया था. आमिर खान और गौरी स्प्रैट की पहली मुलाकात करीब 25 साल पहले हुई थी.
हालांकि उस समय दोनों की राहें अलग हो गईं. वर्ष 2024 में दोनों की दोबारा मुलाकात हुई और यहीं से उनके रिश्ते की नई शुरुआत हुई. कुछ समय तक दोनों लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप में रहे. बाद में गौरी मुंबई आ गईं और दोनों साथ रहने लगे. मार्च 2025 में आमिर ने अपने 60वें जन्मदिन पर पहली बार गौरी को मीडिया से अपनी पार्टनर के रूप में मिलवाया था.
आमिर खान की तीसरी शादी
यह आमिर खान की तीसरी शादी है. उनकी पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद खान और इरा खान हैं. इसके बाद उन्होंने फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की, जिनसे उनका बेटा आजाद है. अलग होने के बावजूद आमिर, रीना और किरण अपने बच्चों की परवरिश और कई सामाजिक तथा पेशेवर परियोजनाओं में साथ काम करते रहे हैं. अब गौरी स्प्रैट के साथ उन्होंने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की है.











