Sunday, September 6, 2026
HomeबॉलीवुडBigg Boss 20: घर का हर कोना है खास, Room 2X और...

Bigg Boss 20: घर का हर कोना है खास, Room 2X और Secret Spaces ने बढ़ाई Excitement

‘बिग बॉस’ का 20वां सीजन 6 सितंबर से शुरू होने जा रहा है और शो को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट चरम पर है। दर्शकों की नजर इस बात पर टिकी है कि इस बार कौन-कौन से सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स घर में एंट्री लेंगे और नए सीजन में कौन से दिलचस्प ट्विस्ट देखने को मिलेंगे। मेकर्स ने प्रोमो के जरिए पहले ही संकेत दे दिया है कि इस बार शो का थीम ‘तथास्तु 2’ है, यानी कंटेस्टेंट्स को दो जीवनदान मिलेंगे, लेकिन इन लाइफलाइन के बदले उन्हें बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है। अब मेकर्स ने ‘बिग बॉस 20’ के शानदार घर की पहली झलक भी दिखा दी है, जिसमें दो ऐसे खास रूम नजर आए हैं, जो घरवालों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी बड़े सरप्राइज लेकर आने वाले हैं।

इस बार ‘बिग बॉस’ का घर जितना रंगीन और खूबसूरत नजर आ रहा है, उतना ही रहस्यमयी और अतरंगी भी है। चूंकि इस सीजन में कंटेस्टेंट्स को दो-दो लाइफलाइन मिलने वाली हैं, इसलिए घर के डिजाइन और सेटअप में भी ‘दो’ की थीम को खास अंदाज में शामिल किया गया है। घर का लगभग हर कोना अपने अंदर एक अलग पहलू, ट्विस्ट या सरप्राइज छुपाए नजर आ रहा है, जिससे इस सीजन का गेम पहले से कहीं ज्यादा दिलचस्प होने की उम्मीद है।

‘बिग बॉस 20’ का घर वर्षा जैन ने डिजाइन किया है 

इस बार बिग बॉस का घर बेहद खूबसूरत है और इस बार इसे वर्षा जैन ने डिजाइन किया है। 19 साल से उमंग कुमार ही बिग बॉस का घर डिजाइन करते आ रहे थे, लेकिन इस बार उन्होंने यह जिम्मेदारी वर्षा जैन को सौंप दी है, जो साउथ इंडिया में बिग बॉस के लिए कुछ घर डिजाइन कर चुकी हैं। ‘बिग बॉस 20’ का घर 10,000 स्क्वायर फीट में फैला हुआ है और इसमें कुल 104 कैमरे लगे हैं।

ये है गार्डन एरिया, जहां घरवालों को कभी छांव मिलेगी तो कभी कड़ी धूप। गार्डन एरिया में शार्क-थीम वाला स्विमिंग पूल है और उसके पास लगा फूलों के आकार का नल है। वहीं बाथरूम के दरवाजे के ऊपर बना गोरिल्ला है। एक पेड़ है, जिसके चारों ओर सांप लिपटा हुआ है और यह सिटिंग एरिया को और भी दिलचस्प बनाता है। एक रिंगमास्टर की मूर्ति भी लगी है, और लिविंग एरिया में जाने के लिए उसके पैरों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है।

रूम 20 और 2X का ट्विस्ट, क्या है दो दरवाजों का सीक्रेट

इस बार ‘बिग बॉस’ का सीजन खास पड़ाव पर है, इसलिए मेकर्स ने घर में ‘रूम नंबर 20’ नाम से एक नया कमरा तैयार किया है, जो पिछले सीजन के ‘असेंबली रूम’ की जगह लेगा। हालांकि, इस कमरे के अंदर क्या खास है, इसका खुलासा शो शुरू होने के कुछ हफ्तों बाद ही होने की उम्मीद है। वहीं ‘रूम 2X’ को भी बेहद रहस्यमयी अंदाज में डिजाइन किया गया है। इस कमरे में दो सीक्रेट दरवाजे हैं—एक सामान्य आकार का और दूसरा छोटा। इन दरवाजों के पीछे क्या छिपा है, इसका राज ग्रैंड प्रीमियर के दौरान ही खुलेगा।

‘स्क्रीन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘रूम 2X’ का सीधा कनेक्शन कंटेस्टेंट्स को मिलने वाली एक्स्ट्रा लाइफलाइन से हो सकता है। बताया जा रहा है कि यहां कंटेस्टेंट्स को खास प्रेशर पॉड्स में रखा जाएगा और उनसे कोई सच बताने या किसी बात को कबूल करने के लिए कहा जा सकता है। जो कंटेस्टेंट इस चुनौती में टिक पाएगा, उसे गेम में एक अतिरिक्त जीवनदान मिलने की संभावना है। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि घर में कंटेस्टेंट्स दबाव के बीच कितना सच बोलते हैं और मिलने वाली एक्स्ट्रा लाइफलाइन का इस्तेमाल अपने गेम को मजबूत करने के लिए किस तरह करते हैं।

‘बिग बॉस 20’ को लेकर कंटेस्टेंट्स की लिस्ट भी लगातार चर्चा में बनी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो के लिए अब तक जिन नामों पर मुहर लगने की बात सामने आई है, उनमें रिया अहीर, लव गिल, करण वाही, अमन गांधी, उदिति सिंह, काज़ी तौकीर, मैरी कॉम, अरिश्फा खान, कुशल तंवर, अंजलि अरोड़ा, ईशा रिखी, युक्ति कपूर, खुशी दुबे, आम्रपाली दुबे और शौविक चक्रवर्ती के नाम शामिल हैं। हालांकि, फाइनल कंटेस्टेंट्स की आधिकारिक पुष्टि ग्रैंड प्रीमियर के दौरान ही होगी। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि इनमें से कौन-कौन से सितारे वास्तव में ‘बिग बॉस 20’ के घर में एंट्री लेते हैं और कौन अपनी रणनीति से दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब होता है।

इन 7 नामों की भी चर्चा

‘बिग बॉस 20’ के संभावित कंटेस्टेंट्स को लेकर चर्चा लगातार तेज है। पहले से सामने आ रहे नामों के अलावा नीति टेलर, पार्थ समथान, प्रणाली राठौड़, माही विज, गीता बसरा, सुनील पाल और दीपिका सिंह के नामों की भी चर्चा है। इनमें नीति टेलर, प्रणाली राठौड़, माही विज और दीपिका सिंह टीवी की जानी-मानी अभिनेत्रियां हैं, जबकि पार्थ समथान भी छोटे पर्दे पर अपनी पहचान बना चुके हैं। वहीं गीता बसरा अभिनेत्री होने के साथ पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह की पत्नी के तौर पर भी जानी जाती हैं। कॉमेडियन सुनील पाल का नाम भी संभावित कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में चर्चा बटोर रहा है। हालांकि, इन नामों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

Related Articles

Latest News