Taarak Mehta : टीवी के लोकप्रिय सिटकॉम ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ से जुड़ी एक खबर ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो के मेकर्स दिलीप जोशी उर्फ जेठालाल के स्क्रीन टाइम को कम करने पर विचार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि आने वाले एपिसोड्स में कहानी का फोकस धीरे-धीरे हाल ही में शामिल हुए राजस्थानी परिवार की ओर शिफ्ट किया जा सकता है।
गौरतलब है कि दिशा वकानी के शो छोड़ने के बाद से जेठालाल का किरदार ही कहानी की सबसे मजबूत कड़ी रहा है। ऐसे में यदि इन रिपोर्ट्स में सच्चाई होती है, तो यह बदलाव शो के दर्शकों और दिलीप जोशी के फैंस के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। हालांकि, मेकर्स की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
राजस्थानी परिवार पर किया जायेगा ज्यादा फोकस –
इस शो में जिस परिवार को इस साल की शुरुआत में दिखाया गया था, उसमें चार सदस्य हैं: पति, पत्नी और उनके दो बच्चे। शो में एक्टर कुलदीप गोर ‘रत्न सिंह बिंजोला’ का किरदार निभा रहे हैं, जबकि धरती भट्ट उनकी पत्नी ‘रूपा’ की भूमिका में हैं। शो में रत्न की साड़ी की दुकान है।
मेकर्स ने अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी –
खबरों के मुताबिक, यह फैसला इसलिए लिया जा रहा है क्योंकि परिवार से जुड़ी कहानी को दर्शकों से पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला है। मेकर्स ने अभी तक वायरल हो रहे दावों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
दिशा वकानी कई सालों से शो से गायब हैं-
दिशा वकानी TMKOC में दयाबेन का मशहूर किरदार निभाती थीं। हालांकि, वह अब कई सालों से शो से गायब हैं। वह 2018 में मैटरनिटी लीव पर गई थीं और तब से वापस नहीं लौटी हैं। दिसंबर 2024 में, असित मोदी ने कन्फर्म किया था कि दिशा इस पॉपुलर सिटकॉम में वापस नहीं आएंगी।
दयाबेन का लौटना अब मुश्किल –
TMKOC के क्रिएटर ने न्यूज 18 से कहा, ‘अब उनके लिए शो में वापस आना मुश्किल है। शादी के बाद महिलाओं की जिंदगी बदल जाती है। छोटे बच्चों के साथ काम करना और घर संभालना उनके लिए वाकई थोड़ा मुश्किल होता है। लेकिन मैं अभी भी पॉजिटिव हूं। मुझे कहीं न कहीं लगता है कि भगवान कोई चमत्कार करेंगे और वह वापस आ जाएंगी। अगर वह आती हैं, तो यह अच्छी बात होगी। अगर किसी वजह से वह नहीं आती हैं, तो मुझे शो के लिए दूसरी दयाबेन लानी होगी।’







