Karisma Kapoor : बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर अपनी आगामी वेब सीरीज ‘ब्राउन’ में एक दमदार और अब तक के सबसे अलग किरदार के साथ दर्शकों के सामने आने वाली हैं। शनिवार को रिलीज हुए इस साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर के ट्रेलर ने आते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। कोलकाता की रहस्यमयी और अंधेरी गलियों की पृष्ठभूमि पर बनी यह सीरीज अपराध, मानसिक संघर्ष, अपराधबोध और रिश्तों की जटिल परतों को बेहद प्रभावशाली ढंग से पेश करती नजर आ रही है।
‘ब्राउन’ में करिश्मा कपूर रीटा ब्राउन नामक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं. कभी अपने विभाग की तेज-तर्रार अधिकारी रही रीटा व्यक्तिगत और पेशेवर असफलताओं के बाद खुद को समाज और व्यवस्था से लगभग अलग कर चुकी है. कहानी तब नया मोड़ लेती है जब एक प्रभावशाली कारोबारी की बेटी की हत्या हो जाती है और मामले की जांच के लिए रीटा को फिर से सक्रिय होना पड़ता है. जांच के दौरान उसकी मुलाकात इंस्पेक्टर अर्जुन सिन्हा से होती है, जो खुद भी व्यक्तिगत त्रासदी और अपराधबोध से जूझ रहा है. दोनों मिलकर ऐसे सीरियल किलर का पीछा करते हैं, जिसकी सोच न्याय, सजा और नैतिकता की खतरनाक व्याख्याओं पर आधारित है.
Karisma Kapoor : शानदार सीरीज हो साबित हो सकती है –
सीरीज की कहानी केवल अपराध की गुत्थी सुलझाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन मानसिक और भावनात्मक घावों की भी पड़ताल करती है, जिनसे इसके मुख्य पात्र गुजर रहे हैं. जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, वैसे-वैसे दोनों पुलिस अधिकारियों को अपने अतीत, अपराधबोध और अंदर छिपे डर का सामना करना पड़ता है. ट्रेलर में दिखाए गए दृश्य इस बात का संकेत देते हैं कि ‘ब्राउन’ एक पारंपरिक ‘हू डन इट’ थ्रिलर नहीं, बल्कि मानवीय मनोविज्ञान की गहराइयों में उतरने वाली कहानी है.
करिश्मा कपूर ने अपने किरदार को लेकर कहा है कि रीटा ब्राउन उनके करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण और भावनात्मक रूप से जटिल किरदारों में से एक है. उनके अनुसार यह एक ऐसी महिला की कहानी है जो कमजोर भी है और मजबूत भी. वह जीवन के संघर्षों से टूटी हुई है, लेकिन फिर भी आगे बढ़ने का साहस रखती है. करिश्मा का कहना है कि इस किरदार की भावनात्मक सच्चाई और यथार्थवाद ने उन्हें सबसे ज्यादा आकर्षित किया.
सीरीज के निर्देशक अभिषेक देओल ने कहा कि ‘ब्राउन’ को एक सामान्य क्राइम थ्रिलर की तरह नहीं बनाया गया है. यह उन लोगों की कहानी है जो टूट चुके हैं लेकिन अपने भीतर अर्थ और मुक्ति की तलाश कर रहे हैं. उनके मुताबिक कहानी में न्याय, नैतिकता और इंसानी कमजोरियों को ऐसे तरीके से प्रस्तुत किया गया है जो दर्शकों को लगातार सोचने पर मजबूर करेगा.
Karisma Kapoor : रहस्य और भावनात्मक गहराई का अनूठा मिश्रण
सीरीज में कोलकाता केवल एक लोकेशन नहीं बल्कि कहानी का महत्वपूर्ण किरदार बनकर उभरता है. शहर की पुरानी इमारतें, भीड़भाड़ वाली गलियां, सामाजिक तनाव और धुंधला वातावरण पूरी कहानी के भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक पक्ष को और गहरा बनाते हैं. अभिनेता जिशु सेनगुप्ता, जो सीरीज में अहम भूमिका निभा रहे हैं, का कहना है कि ‘ब्राउन’ रहस्य और भावनात्मक गहराई का अनूठा मिश्रण है. उनके अनुसार कहानी परत-दर-परत खुलती है और हर मोड़ पर दर्शकों को नए सवालों से रूबरू कराती है.
जी5 के हिंदी बिजनेस प्रमुख ने भी इस सीरीज को मंच की कंटेंट रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया है. उनका कहना है कि ‘ब्राउन’ ऐसी कहानियों का प्रतिनिधित्व करती है जो केवल मनोरंजन नहीं बल्कि भावनात्मक गहराई और मजबूत किरदारों के माध्यम से दर्शकों को अलग अनुभव प्रदान करती हैं.
रिलीज से पहले ही ‘ब्राउन’ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोर चुकी है. यह बर्लिन अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2023 के बर्लिनाले सीरीज मार्केट सेलेक्ट्स में चुनी जाने वाली एकमात्र भारतीय वेब सीरीज रही है. अभिषेक देओल के निर्देशन और जी स्टूडियोज के निर्माण में बनी यह सीरीज 5 जून से जी5 पर स्ट्रीम होगी. करिश्मा कपूर के साथ इसमें सूर्या शर्मा, जिशु सेनगुप्ता और सोनी राजदान भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे. ट्रेलर के बाद अब दर्शकों को सीरीज की रिलीज का इंतजार है, जहां करिश्मा कपूर अपने करियर के सबसे अलग और गंभीर अवतार में दिखाई देंगी.











