Thursday, July 9, 2026
HomeबॉलीवुडToxic का 'तबाही' सॉन्ग आउट, यश-कियारा की जोड़ी ने जीता दिल

Toxic का ‘तबाही’ सॉन्ग आउट, यश-कियारा की जोड़ी ने जीता दिल

Toxic : सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups का पहला गाना ‘तबाही’ रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। इस म्यूजिक वीडियो में पहली बार यश और कियारा आडवाणी की नई ऑन-स्क्रीन जोड़ी नजर आ रही है, जिसकी दमदार केमिस्ट्री दर्शकों का दिल जीत रही है।

फिल्म निर्माताओं के मुताबिक, ‘तबाही’ सिर्फ एक रोमांटिक गीत नहीं, बल्कि गहरे जज़्बात, जुनून और भावनात्मक प्रेम कहानी को खूबसूरती से बयां करता है। शानदार विजुअल्स, आकर्षक संगीत और यश-कियारा की शानदार स्क्रीन प्रेजेंस ने इस गाने को रिलीज होते ही चर्चा का विषय बना दिया है।.

Toxic : निर्माताओं के अनुसार ‘तबाही’ ऐसा गीत है जो प्रेम को उसके सबसे सच्चे, गहरे और भावनात्मक रूप में प्रस्तुत करता है. गाने में यश और कियारा आडवाणी के बीच मजबूत भावनात्मक जुड़ाव और शानदार अभिनय देखने को मिलता है. म्यूजिक वीडियो में दोनों कलाकारों की रोमांटिक केमिस्ट्री फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा रही है.

इस गीत को लोकप्रिय गायक और संगीतकार विशाल मिश्रा ने संगीतबद्ध करने के साथ अपनी आवाज भी दी है, जबकि इसके हिंदी बोल राज शेखर ने लिखे हैं. फिल्म को पैन इंडिया स्तर पर रिलीज करने की तैयारी के तहत यह गीत हिंदी के साथ-साथ कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम भाषाओं में भी जारी किया गया है.

अलग-अलग भाषाओं के लिए प्रतिष्ठित गीतकारों ने इसके बोल तैयार किए हैं, जिनमें कन्नड़ के लिए योगराज भट्ट, तेलुगु के लिए रामजोगैया शास्त्री, तमिल के लिए विग्नेश शिवन और मलयालम के लिए रफीक अहमद शामिल हैं.

विशाल मिश्रा ने गीत को लेकर कहा कि ‘तबाही’ पारंपरिक प्रेम गीत नहीं है, बल्कि यह ऐसे प्रेम की कहानी है जिसमें समर्पण, जुनून और भावनाओं की तीव्रता दिखाई देती है. उनके अनुसार फिल्म की कहानी के अनुरूप संगीत तैयार करना चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि इसमें भव्यता के साथ गहरी भावनात्मक अनुभूति भी जरूरी थी.

उन्होंने कहा कि यश की दमदार स्क्रीन उपस्थिति ने उन्हें भी संगीत में उसी ऊर्जा और प्रभाव को उतारने के लिए प्रेरित किया.

फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ की कहानी यश और गीतू मोहनदास ने मिलकर लिखी है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी भी गीतू मोहनदास ने संभाली है. फिल्म की शूटिंग कन्नड़ और अंग्रेजी भाषाओं में की गई है तथा इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम सहित कई अन्य भाषाओं में डब कर रिलीज किया जाएगा.

फिल्म में यश और कियारा आडवाणी के अलावा नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. यह मल्टीस्टारर फिल्म केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बनाई गई है.

निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज डेट भी तय कर दी है. ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. पहले गाने ‘तबाही’ को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद अब दर्शकों की नजर फिल्म के ट्रेलर और आगामी प्रचार सामग्री पर टिकी हुई है.

Related Articles

Latest News