Saturday, September 12, 2026
HomeबॉलीवुडBB20 Weekend Ka Vaar में मचा बवाल , सलमान ने काजी तौकीर...

BB20 Weekend Ka Vaar में मचा बवाल , सलमान ने काजी तौकीर और माही विज को लगाई फटकार

‘बिग बॉस 20’ में शनिवार को पहला ‘वीकेंड का वार’ होने जा रहा है और इस बार सलमान खान के निशाने पर घर के कई कंटेस्टेंट नजर आने वाले हैं। ग्रैंड प्रीमियर के बाद बीते पांच दिनों में घर के अंदर प्यार, दोस्ती, तकरार और जमकर विवाद देखने को मिला है। ऐसे में अब दर्शकों की नजर इस बात पर टिकी है कि सलमान खान किसकी क्लास लगाते हैं। शुक्रवार को शूट हुए एपिसोड से जुड़ी सामने आई जानकारी के मुताबिक, काजी तौकीर को सलमान की फटकार सुननी पड़ सकती है, जबकि माही विज भी उनके गुस्से का सामना करती नजर आएंगी।

वहीं, शनिवार के एपिसोड में अमन गांधी और आसिफ खान के बीच एक बार फिर जोरदार भिड़ंत देखने को मिलेगी और मामला कथित तौर पर गाली-गलौज तक पहुंच जाएगा। शो के प्रोमो में भी दोनों के बीच तीखी बहस की झलक देखने को मिली है। विवाद की शुरुआत कैप्टन यंग डीएसए द्वारा अमन गांधी को खाने के डिब्बे को लेकर टोके जाने से होती है, जिसके बाद ‘पंचायत’ फेम आसिफ खान भी बहस में शामिल हो जाते हैं। देखते ही देखते बातचीत तीखी नोकझोंक में बदल जाती है और दोनों के बीच पुराना विवाद फिर से गरमा उठता है।

अमन गांधी की आसिफ से भिंड़त –

प्रोमो में हम देखते हैं कि अमन गांधी अजीब बॉडी लैंग्‍वेज से आसिफ का मजाक बनाते हैं। इस पर आसिफ कहते हैं कि इस तरह की हरकत बाहर करना यहां नहीं। दोनों में बात बढ़ती है और आसिफ उन्‍हें जाहिल कहते हैं। काजी समेत दूसरे घर वाले दोनों को को अलग-थलग करने की कोश‍िश करते हैं। लेकिन बात नहीं बनती। अमन इस लड़ाई में अपनी बॉडी फ्लॉन्‍ट करते हैं, जिस पर आसिफ कहते हैं कि ये इंजेक्‍शन वाली बॉडी कहीं और दिखाना। अमन गांधी इस पर और चिढ़ जाते हैं और दोनों की के बीच गाली-गलौज होने लगती है।

सलमान खान ने पहले काजी तौकीर की तारीफ की, फिर डांटा

दूसरी ओर, प्रोमो की शुरुआत में सभी घरवाले सलमान खान के सामने काउच के पास खड़े नजर आते हैं। सलमान के कहने पर घर के सदस्य काजी तौकीर के मशहूर अंदाज ‘आई एम ए रॉकस्टार बेबी’ को री-क्रिएट करते दिखाई देते हैं। सलमान खान जहां ‘वीकेंड का वार’ में काजी के एंटरटेनिंग अंदाज और उनकी ड्रामेबाजी की तारीफ करते हैं, वहीं उनके एक हरकत को लेकर जमकर फटकार भी लगाते हैं। दरअसल, गुरुवार रात काजी ने ऐसा नाटक किया था कि उनकी तबीयत अचानक बिगड़ रही है और उन्हें अपनी ‘खास दवाई’ की जरूरत है। इस दौरान वह जोर-जोर से चीखते नजर आए, जिससे घरवाले भी घबरा गए और उनकी तबीयत को लेकर चिंता में पड़ गए। अब इसी हरकत को लेकर सलमान खान उन्हें समझाते और उनकी क्लास लगाते नजर आएंगे।

‘मेडिकल इमरजेंसी’ पर सलमान की बात सुन काजी ने मांगी माफी

सलमान खान ने काजी तौकीर को घर के अंदर बेवजह ‘मेडिकल इमरजेंसी’ जैसी स्थिति पैदा करने को लेकर जमकर फटकार लगाई। दरअसल, काजी की ड्रामेबाजी के बाद बिग बॉस ने उन्हें मेडिकल रूम में बुलाया था, जहां उन्होंने डॉक्टर के सामने साफ कहा कि वह सिर्फ ड्रामा कर रहे थे और उन्हें वास्तव में कुछ नहीं हुआ था। हालांकि, काजी ने यह बात ड्रामा शुरू करने से पहले कैमरे पर भी कही थी, लेकिन सलमान ने उन्हें समझाया कि इस तरह की हरकत से घर में अनावश्यक पैनिक और घबराहट का माहौल बन सकता है। सलमान की बात सुनने के बाद काजी ने अपनी गलती के लिए माफी मांगी और सफाई देते हुए कहा कि उनका मकसद सिर्फ घरवालों और दर्शकों का मनोरंजन करना था।

सलमान ने माही विज को ‘डाइवोर्सी स्‍पेशल शो’ बोलने पर फटकारा

दूसरी ओर, सलमान खान ने माही विज को भी डांट लगाई है। शो में एक्‍ट्रेस के ‘बॉसी नेचर’ से कई कंटेस्‍टेंट परेशान हैं। हालांकि, सलमान खान की नाराजगी माही के बर्ताव से नहीं, बल्‍क‍ि उनकी ‘डाइवोर्सी स्‍पेशल शो’ वाली टिप्‍पणी पर थी। माही ने शो में एंट्री के अगले ही दिन ईशा रिखी से बात करते हुए कहा था कि इस घर में तीन-तीन तलाकशुदा आई हैं। माही ने कहा था, ‘शो में तीन डाइवोर्सी (तलाकशुदा) आई हैं – तुम, मैं और वो बॉक्सर। हमारी तो सेकंड इनिंग चल रही है… यह डाइवोर्सी स्पेशल!’

ईशा ने तब माही से कहा था- मुझे ये पसंद नही

हालांकि, तब ईशा रिखी और मैरी कॉम दोनों ही मही विज के इस बयान से असहज हो गई थीं। ईशा ने बकायदा अपनी निजी जिंदगी के बारे में बात करने से मना कर दिया था। रैपर बादशाह से हाल ही तलाक लेने वाली ईशा ने कहा कि वह किसी की पूर्व पत्नी या गर्लफ्रेंड जैसे लेबल्स के बजाय अपनी खुद की पहचान के लिए पहचानी जाना चाहती हैं।

वोटिंग ट्रेंड: चार कंटेस्‍टेंट नॉम‍िनेटेड, बाल-बाल बचीं कनिका मान

‘बिग बॉस 20’ के पहले हफ्ते में अरिश्फा खान, लव गिल, उदिति सिंह और कनिका मान नॉमिनेशन की लिस्ट में हैं। शो के नए कॉन्सेप्ट ‘तथास्तु’ के तहत हर कंटेस्टेंट को दो ‘जीवनदान’ दिए गए हैं। ऐसे में इस सीजन में एलिमिनेशन का तरीका भी कुछ अलग है। आमतौर पर होने वाले सीधे एलिमिनेशन के बजाय बॉटम रैंकिंग पर रहने वाले कंटेस्टेंट की एक लाइफ लाइन कम हो जाती है। कैप्टन बनने के बाद यंग डीएसए को मिली पावर और उनकी विश के चलते कनिका मान पहले ही अपना एक जीवनदान गंवा चुकी हैं। ऐसे में अगर वह बॉटम रैंकिंग में रहती हैं, तो उनके लिए खतरा और बढ़ सकता है। हालांकि, सोशल मीडिया पर सामने आए वोटिंग ट्रेंड्स में अरिश्फा खान फिलहाल सबसे आगे बताई जा रही हैं। उनके बाद कनिका मान, फिर लव गिल और सबसे नीचे उदिति सिंह का नाम नजर आ रहा है। अगर ये वोटिंग ट्रेंड सही साबित होते हैं, तो ‘वीकेंड का वार’ में उदिति सिंह अपना एक जीवनदान गंवा सकती हैं। हालांकि, आधिकारिक नतीजे सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ होगी।

Related Articles

Latest News