नई दिल्ली: भारत–अमेरिका ट्रेड डील को लेकर आज संसद में अहम घटनाक्रम देखने को मिल रहा है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल बुधवार को इस समझौते पर सरकार का पक्ष स्पष्ट करेंगे। दोपहर 12 बजे लोकसभा और इसके बाद दोपहर 2 बजे राज्यसभा में वह इस डील से जुड़े सभी पहलुओं पर बयान देंगे।
विपक्ष के सवालों के बीच सरकार की सफाई
भारत–अमेरिका ट्रेड डील को लेकर विपक्ष लगातार सरकार से जवाब मांग रहा है और संसद में चर्चा की मांग कर रहा है। इसी के मद्देनज़र पीयूष गोयल ने लोकसभा में डील को लेकर सरकार का रुख सामने रखा और इसके फायदे गिनाए। सरकार का कहना है कि यह समझौता पूरी तरह से देशहित में है।
टैरिफ में कटौती से बढ़ेगा निर्यात
पीयूष गोयल ने बताया कि इस ट्रेड डील के तहत टैरिफ में कमी की गई है, जिससे भारत के निर्यात को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। खासतौर पर एमएसएमई सेक्टर और लेबर इंटेंसिव इंडस्ट्री जैसे कपड़ा और ज्वेलरी सेक्टर को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
किसानों और डेयरी सेक्टर के हित सुरक्षित
सरकार ने साफ किया है कि यह समझौता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ है और इसमें किसानों तथा डेयरी सेक्टर के हितों की पूरी तरह रक्षा की गई है। किसी भी तरह से घरेलू कृषि और दुग्ध उद्योग को नुकसान नहीं पहुंचने दिया गया है।
भारत-अमेरिका रिश्तों को मिलेगी मजबूती
पीयूष गोयल ने कहा कि यह समझौता ऐतिहासिक है और इससे भारत और अमेरिका के रिश्ते और मजबूत होंगे। दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच यह बड़ी आर्थिक साझेदारी है। दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाएं एक-दूसरे की पूरक हैं, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
MSME और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
लोकसभा में अपने बयान के दौरान पीयूष गोयल ने कहा कि इस डील से आयात में भी भारत को फायदा होगा। अमेरिका के साथ मजबूत साझेदारी से MSME सेक्टर को नई ताकत मिलेगी और देश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
राज्यसभा में भी होगा सरकार का पक्ष स्पष्ट
लोकसभा के बाद पीयूष गोयल दोपहर 2 बजे राज्यसभा में भी इसी मुद्दे पर बयान देंगे। सरकार का कहना है कि इस बयान के जरिए ट्रेड डील से जुड़े सभी सवालों और आशंकाओं को दूर किया जाएगा।
ट्रंप टैरिफ और डील का असर
सरकार के अनुसार, अमेरिका द्वारा टैरिफ को 18 फीसदी किए जाने के बावजूद यह समझौता भारत के लिए फायदेमंद साबित होगा। इससे न सिर्फ निर्यात बढ़ेगा, बल्कि विदेशी निवेश को भी प्रोत्साहन मिलेगा।











