Wednesday, April 29, 2026
Homeखास खबरमुख्यमंत्री डॉ. यादव की घोषणा: लाड़ली बहनों को जल्द मिलेगी सौगात, योजना...

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की घोषणा: लाड़ली बहनों को जल्द मिलेगी सौगात, योजना की राशि में की जायेगी वृद्धि

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि लाड़ली बहना योजना सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन की एक बड़ी पहल है। इस योजना की शुरूआत में पात्र लाड़ली बहनों को एक हजार रूपये प्रतिमाह दिये गये। इसके बाद यह राशि बढ़ाकर 1250 रूपये प्रतिमाह की गई। इस राशि में आगे और भी वृद्धि की जायेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नारी सशक्तिकरण के लिए राज्य शासन द्वारा महिलाओं को एक और सौगात दी जा रही है। अब शासकीय सेवाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत से बढ़ाकर 35 प्रतिशत का आरक्षण मिलेगा। यह नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश नारी सशक्तिकरण की दिशा में नया मुकाम हासिल कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भी लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को इंदौर के नेहरु स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना के तहत 1.29 करोड़ बहनों को नवम्बर माह की किश्त के रूप में 1573 करोड़ रूपये अंतरित किये। साथ ही उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 55 लाख हितग्राहियों के खाते में 333 करोड़ रुपए और 26 लाख लाड़ली बहनों के खाते में गैस सिलेंडर रिफिल के लिए 55 करोड़ रुपए की राशि भी अंतरित की। यह राशि लोकमाता अहिल्या देवी की 300 वीं जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में नारी शक्ति के शस्त्र कला प्रदर्शन कार्यक्रम शौर्य वीरा में अंतरित की। इस मौके पर देश में पहली बार हजारों बालिकाओं और महिलाओं द्वारा एक साथ, एक समय, एक स्थान पर सामूहिक तलवारबाजी का प्रदर्शन कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में नारी सशक्तिकरण का गौरवशाली इतिहास रहा है। प्रदेश की अनेक वीरांगनाओं ने देश के स्वाभिमान और स्वतंत्रता की रक्षा में अहम योगदान दिया है। नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में भारत का गौरव विश्व में जाना जाता है। नारी सशक्तिकरण अपने देश की विशेष पहचान है। इस दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश में नारी सशक्तिकरण के लिये “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना-2023” का संचालन किया जा रहा है। यह योजना प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत् सुधार तथा परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका सुदृढ़ करने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस कनेक्शन योजना की हितग्राही बहनों के साथ लाड़ली बहनों को माह जुलाई 2023 से निरंतर 450 रूपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इस कार्यक्रम में गैस रिफिल कराने वाली 26 लाख से अधिक महिला हितग्राही को ऑयल कंपनियों एवं मध्यप्रदेश इलेक्ट्रॉनिक डेवलेपमेन्ट कार्पोरेशन के माध्यम से उनके आधार लिंक बैंक खाते में 55.60 करोड़ रूपये का भुगतान किया जा रहा है। लाड़ली बहनों को सस्ते दाम पर रसोई गैस प्राप्त होने पर उनके घर खर्च में बचत हो रही है।

इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, संभागायुक्त दीपक सिंह, कलेक्टर आशीष सिंह, पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह, विधायक महेंद्र हार्डिया और मनोज पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना मालवीय, प्रख्यात फ़िल्म अभिनेत्री श्रीमती जयाप्रदा, गौरव रणदिवे, चिन्टू वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Related Articles

Latest News