Saturday, August 8, 2026
Homeखास खबरMP में CM मोहन यादव की सुरक्षा में सेंध, हेलीकॉप्टर के ऊपर...

MP में CM मोहन यादव की सुरक्षा में सेंध, हेलीकॉप्टर के ऊपर उड़ता मिला ड्रोन

MP:  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। भिंड जिले के दंदरौआ हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से ग्वालियर रवाना होने के लिए हेलीपैड पहुंचे। उनके साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला और भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया भी हेलीकॉप्टर में सवार हो चुके थे।

इसी दौरान हेलीपैड और मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के ऊपर एक ड्रोन मंडराता दिखाई दिया, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ड्रोन उड़ाने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

हेलीपैड के ऊपर ड्रोन मंडराता देख पायलट ने सुरक्षा कारणों से तत्काल टेकऑफ से मना कर दिया. इसके चलते मुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों को करीब 10 मिनट तक हेलीकॉप्टर में ही इंतजार करना पड़ा. सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और ड्रोन की तलाश शुरू कर दी. तलाशी के दौरान दंदरौआ हनुमान मंदिर की छत पर राघवेंद्र खेमरिया नामक युवक ड्रोन उड़ाते हुए मिला. पुलिस ने तत्काल ड्रोन नीचे उतरवाकर उसे हिरासत में ले लिया और ड्रोन जब्त कर लिया.

 राघवेंद्र इंटरनेट से जुड़े कार्यों को देखता है

जानकारी के अनुसार राघवेंद्र मंदिर के इंटरनेट मीडिया से जुड़े कार्यों का संचालन करता है और कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग के लिए ड्रोन उड़ा रहा था. हालांकि मुख्यमंत्री के उड़ान क्षेत्र में ड्रोन संचालन की अनुमति थी या नहीं तथा सुरक्षा प्रोटोकाल का उल्लंघन कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है.

सुरक्षा एजेंसी की अनुमति मिलने के बाद उड़ा हेलीकॉप्टर

ड्रोन जब्त और सुरक्षा एजेंसियों की अनुमति मिलने के बाद मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर ग्वालियर के लिए रवाना हुआ. घटना को मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. दंदरौआ धाम के हेलीपैड के ऊपर उड़ रहे ड्रोन को जब्त कर लिया गया है.

Related Articles

Latest News