Sunday, December 7, 2025
Homeखास खबरहरदीप पुरी ने जहाज निर्माण में भारत-कोरिया सहयोग का आह्वान किया

हरदीप पुरी ने जहाज निर्माण में भारत-कोरिया सहयोग का आह्वान किया

नई दिल्‍ली, (हि.स)। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को भारत और दक्षिण कोरिया के बीच जहाज निर्माण में सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि यह सहयोग मॉडल न केवल भारत की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए बल्कि वैश्विक बाजारों की सेवा करने के लिए भी जहाज बनाने में मदद कर सकता है।

पुरी ने कहा कि कोरिया के पास जहाज निर्माण में तकनीकी विशेषज्ञता और अनुभव है, जबकि भारत मजबूत मांग, कुशल जनशक्ति और सहायक नीतियां प्रदान करता है। इस तरह की सहयोगात्मक व्यवस्था के तहत निर्मित जहाजों की लागत 5 साल के भीतर वसूल हो सकती है और भारत को एक प्रमुख वैश्विक समुद्री केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सकता है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि हरदीप सिंह पुरी ने आज दक्षिण कोरिया के जिओजे में हनवा ओशन की विशाल जहाज निर्माण केंद्र का दौरा किया। उन्‍होंने भारत-कोरिया समुद्री सहयोग को मजबूत करने के लिए कई उच्च स्तरीय बैठकें भी की। उनकी ये यात्रा 13-15 नवंबर तक कोरिया गणराज्य में चल रही गतिविधियों का एक प्रमुख आकर्षण है, जिसका उद्देश्य समुद्री सहयोग को गहरा करना और जहाज निर्माण, बेड़े विकास तथा ऊर्जा परिवहन में अवसरों का विस्तार करना है।

मंत्रालय ने कहा कि यह कार्यक्रम समुद्री अमृत काल विजन 2047 के तहत भारत के व्यापक प्रयासों का हिस्सा हैं, जिसका उद्देश्य भारत के वाणिज्यिक बेड़े की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि करना, घरेलू जहाज निर्माण ढांचे को बढ़ाना और जहाज संचालन, समुद्री इंजीनियरिंग एवं संबद्ध क्षेत्रों में वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता में सुधार करना है।

पेट्रोलियम मंत्री का दक्षिण कोरिया का दौरा, जहाज निर्माण और नौवहन क्षेत्र में वैश्विक नेताओं के साथ मजबूत समुद्री साझेदारी बनाने तथा संयुक्त रूप से उन अवसरों को आगे बढ़ाने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह भारत की बेड़े की क्षमता, समुद्री बुनियादी ढांचे और दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेंगे।

Related Articles

Latest News