Padma Awards : मंगलवार को दिल्ली में आयोजित पद्म पुरस्कार 2026 समारोह में दिग्गज गायिका Alka Yagnik ने पद्म भूषण सम्मान ग्रहण किया। सुनने की क्षमता से जुड़ी दुर्लभ बीमारी का खुलासा करने के बाद यह उनकी पहली प्रमुख सार्वजनिक उपस्थितियों में से एक रही। समारोह के दौरान सामने आए वीडियो में अलका काफी कमजोर नजर आईं और मंच तक पहुंचने के लिए उन्हें एक महिला वॉलंटियर का सहारा लेना पड़ा।
वहीं, कुछ दृश्यों में उन्हें व्हीलचेयर पर भी देखा गया, जिससे प्रशंसकों के बीच उनकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई। हालांकि, इस सम्मान को प्राप्त कर उन्होंने अपने जज्बे और दृढ़ता का परिचय दिया। राष्ट्रपति Droupadi Murmu ने उन्हें देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बीच अलका ने भी अपनी सेहत को लेकर उठ रही चिंताओं पर प्रतिक्रिया दी है।
अलका याग्निक करेंगी धीरे-धीरे वापसी –
बुधवार की शुरुआत में,अलका याग्निक ने इंस्टाग्राम पर अपनी सेहत को लेकर जताई जा रही चिंताओं पर बात की। उन्होंने बताया कि वह सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रही हैं क्योंकि वह ‘धीरे-धीरे वापसी कर रही हैं।’ राष्ट्रपति के साथ समारोह की अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए अलका ने लिखा, ‘पिछले दो सालों से मैं लाइमलाइट, सार्वजनिक कार्यक्रमों और अपनी यात्रा के बारे में ज़्यादा कुछ शेयर करने से दूर रही हूं। आप में से कई लोग जानते थे कि मैं सेहत से जुड़ी मुश्किलों से गुजर रही हूं और इस पूरे समय में आपका प्यार, दुआएं, मैसेज और अटूट साथ हर कदम पर मेरे साथ रहा है।’
सम्मान को लेकर जताया आभार – अलका याग्निक
उन्होंने आगे कहा, ‘आज, जब मैं देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मानों में से एक – प्रतिष्ठित पद्म भूषण – को लेने के लिए निकली, तो मेरा दिल आभार से भरा हुआ था। यह सम्मान मुझे बहुत विनम्र महसूस कराता है, और भले ही इस पर मेरा नाम है, लेकिन यह उतना ही उन सभी सुनने वालों का भी है जिन्होंने मेरी आवाज को अपनी जिंदगी में जगह दी, मेरी गायकी को पीढ़ियों तक आगे बढ़ाया, और अच्छे और मुश्किल, दोनों ही समय में मेरा साथ दिया।’
अपनी सेहत को लेकर बोलीं अलका याग्निक
अपनी सेहत के बारे में बात करते हुए अलका ने लिखा, ‘यह पल मेरे लिए बहुत खास है क्योंकि यह न सिर्फ मेरे काम की पहचान है, बल्कि उस हिम्मत की याद भी दिलाता है जो प्यार, उम्मीद और मुश्किलों से उबरने की ताकत से मिलती है।’
पीएम मोदी का किया धन्यवाद
उन्होंने आगे कहा, ‘मैं भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्रालय और भारत सरकार का भी बहुत-बहुत धन्यवाद करना चाहती हूं कि उन्होंने मुझे यह खास सम्मान दिया। मैं इसे बहुत विनम्रता और सम्मान के साथ स्वीकार करती हूं।
इतने सालों तक आपके प्यार, दया, दुआओं और मुझ पर भरोसे के लिए धन्यवाद। मैं इन सभी चीजों को अपने साथ लेकर चलती हूं।’ अलका याग्निक को जब राष्ट्रपति अवॉर्ड दे रही थीं तब वो उनसे कुछ कह रही थीं लेकिन वो सुन नहीं पाईं। ये भी वीडियो में साफ दिखाई दिया।
कान की गंभीर समस्या से ग्रसित हो गई है –
सिंगर ने अपनी पोस्ट को यह कहते हुए खत्म किया कि उन्होंने सिर्फ अवॉर्ड ही नहीं लिया, बल्कि उन लाखों लोगों का प्यार भी महसूस किया जो उनके सफर का हिस्सा रहे हैं। साल 2024 में, अलका ने इंस्टाग्राम पर बताया कि ‘अचानक हुए वायरल अटैक’ की वजह से उन्हें ‘रेयर सेंसरीन्यूरल नर्व हियरिंग लॉस’ (कान की नस से जुड़ी सुनने की एक दुर्लभ समस्या) हो गई है।











