Railway Protection Force : जबलपुर मंडल के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक अहम सफलता हासिल की गई है। दिनांक 25 अप्रैल 2026 को निरीक्षक, आरपीएफ जबलपुर के नेतृत्व में मदन महल आउट पोस्ट की टीम ने गश्त के दौरान भिटोनी रेलवे स्टेशन (इटारसी छोर) क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक को पकड़ा।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से रेलवे का लगभग 20 मीटर लंबा 12 कोर केबल तार और 10 नग पेंड्राल क्लिप बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यह सामग्री रेलवे यार्ड भिटोनी से चोरी कर कबाड़ी को बेचने के उद्देश्य से इकट्ठा की थी। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत ₹7000 आंकी गई है।

Railway Protection Force : गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवी वर्मन (उम्र 20 वर्ष), निवासी विराट कॉलोनी, भिटोनी, थाना शाहपुरा, जिला जबलपुर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि वह एक आदतन अपराधी है और पूर्व में भी रेलवे संपत्ति चोरी सहित कई गंभीर मामलों में शामिल रहा है।
Railway Protection Force : आरोपी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट जबलपुर में पहले से ही रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम और रेल अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा थाना शाहपुरा में भी उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं, जो उसके आपराधिक इतिहास को दर्शाते हैं।
आरपीएफ ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 14/2026 के तहत धारा 3(अ) रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम 1966 एवं धारा 147 रेल अधिनियम में मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को 26 अप्रैल 2026 को रेलवे न्यायालय, जबलपुर में पेश किया जाएगा।











