Mobile : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में एक मासूम बच्चे सहित चार लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में मोबाइल फटने से आग लगने की अफवाह फैलते ही यात्रियों के बीच भगदड़ मच गई। दहशत में कई यात्री ट्रेन से नीचे उतर गए, जबकि कुछ ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी।
इसी दौरान दूसरी रेलवे लाइन पर पहुंचे यात्री तेज रफ्तार पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए, जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, वहीं हादसे के बाद रेलवे और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं जांच कार्य में जुट गई।
Mobile :जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार शाम मुरैना और राजस्थान के धौलपुर के बीच सरायछौला थाना क्षेत्र के हेतमपुर रेलवे स्टेशन के पास हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के एक जनरल कोच में किसी यात्री का मोबाइल फोन फट गया. इसके बाद ट्रेन में आग लगने की अफवाह तेजी से फैल गई. घबराए यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और किसी ने अलार्म चेन पुलिंग कर ट्रेन को बीच सेक्शन में रोक दिया.
ट्रेन रुकते ही कई यात्री बिना स्थिति की पुष्टि किए नीचे उतरने लगे. कुछ यात्री सुरक्षा की तलाश में पास की दूसरी रेलवे लाइन तक पहुंच गए. इसी दौरान आगरा की ओर से मुरैना जा रही फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस तेज गति से वहां पहुंच गई. ट्रेन की चपेट में आने से चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी.
मृतकों की पहचान आफरीन पत्नी नदीम खान (35) निवासी सुल्तानगंज की पुलिया, आगरा, उनके चार वर्षीय पुत्र असद खान, शकुंतला पत्नी भूरी सिंह परमार (60) निवासी रुनकता, आगरा तथा विरमा देवी पत्नी गिरधारी गिरी (60) निवासी गेसोरा, जिला बीकानेर, राजस्थान के रूप में हुई है. घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार रविवार शाम करीब 4:15 बजे गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन से दूसरे जनरल कोच में अलार्म चेन पुलिंग की गई थी, जिसके कारण ट्रेन हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड के बीच रुक गई. ट्रेन रुकने के बाद कुछ यात्री नीचे उतरकर समीपवर्ती रेलवे ट्रैक पर चले गए, जहां वे दूसरी दिशा से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए.
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) और स्थानीय प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं. अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई. रेलवे प्रशासन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच कराई जाएगी. साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि अफवाह कैसे फैली और चेन पुलिंग किसने की.
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर अफवाहों के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है. कुछ मिनटों की घबराहट और अफरातफरी ने चार लोगों की जान ले ली, जिनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल है.











