दीप जलाओ रे: मनोहर सिंह चौहान मधुकर

कवि मनोहर सिंह चौहान मधुकर
जावरा, जिला रतलाम, मध्य प्रदेश
मोबाईल नंबर- 09131436100

अयोध्या लौट आए श्रीराम, दिवाली मनाओ रे।
दीप जलाओ दीप जलाओ, सब दीप जलाओ रे।।

तीनों माताएं खुश हैं, हर्षित है देखो भाई।
लौटी महल में खुशियां, दे रहे देखो बधाई।।
गांव-2 नगर डगर, उत्सव है मंगल गाओ रे…..

हर्षित भरत पांव पड़े, आंख में आंसू भर आए।
मेरे कारण प्रभु आपने, चौदह वर्ष वन बिताए।।
धन्य धन्य है आप भाई, अपना राज्य पुनः पाओ रे…

हर्षित मंत्री सेवक प्रजा, झूम रहे सब नर नारी।
राम दर्श के आतुर नैना, चमके छवि देख प्यारी।।
दिल से गाओ मिल बधाई, सखा फूल बरसाओ रे…

ढोल नगाड़े बज उठे, गूंज गया ब्रह्मांड सारा।
पुष्प वर्षा करें देवगन, मनहर अद्भुत यह नजारा।।
हर आंगन बने रंगोली, मनहर दीप जलाओ रे..