(हि.स.)। दिल्ली पुलिस की एक विशेष टीम डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में सोमवार की देर शाम कुमारधुबी स्थित बरडंगाल रविदास टोला पहुंची।
इस दौरान दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद रविदास टोला निवासी शिव रविदास भी टीम के साथ था। पूछताछ के लिये शिव को रिमांड पर लिया गया है। टीम शिव को लेकर उसके घर पहुंची थी, ताकि टीम जरूरी साक्ष्य जुटा सके। टीम ने इस संबंध में कुछ नहीं बताया।
सिर्फ इतना कहा कि कुछ साक्ष्य जुटाने के लिए वह यहां आये थे। टीम के सहयोग में कुमारधुबी ओपी के एएसआई सुरेश देवगम भी दल बल के साथ मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार शिव रविदास ने साइबर अपराधियों के साथ मिलकर 1.60 करोड़ की ठगी की थी। जिसमें अन्य आरोपियों की पुलिस को तलाश है।
इसी कड़ी में शिव के भाई शंभू रविदास को भी दिल्ली पुलिस ढूंढ रही थी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। बताया जा रहा है कि निरसा के तिलतोड़िया स्थित ससुराल में उसने शरण ले रखा है। साक्ष्य जुटाने के बाद टीम शिव को लेकर वापस लौट गयी।
बताया जाता है कि बरडंगाल का रविदास टोला साइबर ठगी का सेफ जोन बना हुआ है। दर्जनों परिवार वर्षों से साइबर ठगी के काले कारोबार में शामिल हैं। ठगी में नाबालिगों को शामिल किया गया है।
जिनका काम ठगी किये गये रूपये को एटीएम से निकालना है। लोगों का कहना है कि कई युवा लोभ में साइबर ठगों के गिरोह में शामिल हो रहे हैं।











