जबलपुर। संस्कारधानी के विकास और संस्थागत सुधार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुविधाओं में विस्तार और नगर निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राजस्व वसूली अभियान की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया है।
लीज नवीनीकरण और कंपाउंडिंग पर जोर
निगम की आय में वृद्धि करने और वित्तीय ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए शहर में कई महत्वपूर्ण अभियान चलाए जाएंगे। इसके तहत अवैध नल कनेक्शनों को चिन्हित कर उन्हें वैध करने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा। साथ ही, कंपाउंडिंग और लीज नवीनीकरण के लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि शहर में बनी नवीन आवासीय और कमर्शियल संपत्तियों का सर्वे कर उन्हें रिकॉर्ड में दर्ज किया जाए, ताकि टैक्स का दायरा बढ़ाया जा सके और निगम की आय में बढ़ोतरी हो।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारी 26 जनवरी को होंगे सम्मानित
अधिकारी-कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए निगमायुक्त ने एक विशेष घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी अपने टारगेट को समय पर पूरा करेंगे और वसूली समेत अन्य प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, उन्हें गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के गरिमामयी अवसर पर सार्वजनिक रूप से पुरस्कृत किया जाएगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रकरणों को भी समय सीमा के भीतर हल करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनसमस्याओं का त्वरित निपटारा हो सके।











