भोपाल के वन विहार नेशनल पार्क में वन्य-प्राणी आदान-प्रदान योजना में 21 दिसम्बर 2024 को शक्करबाग जूनागढ़ गुजरात से लाये गये एशियाटिक सिंहों को पर्यटकों के प्रदर्शन के लिये क्वारेन्टाइन बाड़े से 15 फरवरी को सुबह छोड़ा जायेगा।
संचालक वन विहार ने बताया कि दोनों एशियाटिक सिंहों में एक नर जूना एवं एक मादा गिरी है। इन दोनों सिंहों को बाड़े में क्वारेन्टाइन कर रखा गया था और इसकी सतत निगरानी की जा रही थी। वर्तमान में दोनों सिंह पूर्णत: स्वस्थ हैं।
वहीं भोपाल बोट क्लब में 24वीं अखिल भारतीय वॉटर स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप 2024-25 प्रतियोगिता 17 से 20 फरवरी तक आयोजित की जायेगी। इस दौरान वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के भोपाल बोट क्लब स्थित प्रवेश द्वार क्रमांक-1 में दो पहिया, चार पहिया और 6 पहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। गेट क्रमांक-1 से पैदल पर्यटकों को ही प्रवेश दिया जायेगा।
संचालक वन विहार ने बताया कि उक्त अवधि में पर्यटकों के वन विहार में भ्रमण के लिये सैर-सपाटा पार्क स्थित प्रवेश द्वार क्रमांक-2 खुला रहेगा। इस द्वार से दो पहिया, 4 पहिया और 6 पहिया वाहनों को प्रवेश दिया जायेगा। पर्यटक प्रवेश द्वार क्रमांक-2 से ही वन विहार में आना-जाना कर सकेंगे।











