केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के संस्कारधानी जबलपुर आगमन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुष्प गुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया। केन्द्रीय मंत्री श्री नड्डा आज दो दिवसीय प्रवास पर जबलपुर पहुंचे हैं। श्री नड्डा आज जबलपुर के घंटाघर स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस सांस्कृतिक और सूचना केन्द्र में दोपहर 3.10 बजे आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस दौरान वे यहां सिंगरौली और श्योपुर में बने नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों का वर्चुअली लोकार्पण करेंगे। इनके शुरू होने से प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 19 और एमबीबीएस सीटें 200 बढ़ जाएंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। मुख्यमंत्री केंद्रीय मंत्री के साथ अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। वहीं धार, बैतूल, पन्ना और कटनी में पीपीपी मॉडल पर कॉलेजों के लिए एमओयू भी साइन होंगे।
इसके पहले श्री नड्डा विमानतल से सीधे रानीताल स्थित भाजपा कार्यालय में क्षेत्रीय संगठनात्मक बैठक में शामिल हुए। वे आज शाम 5ः30 बजे पचपेढ़ी स्थित स्वर्गीय सुभाष चंद्र बनर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद शाम 6ः30 बजे नर्मदा तट ग्वारीघाट में महाआरती में सम्मिलित होंगे।











