केंद्र सरकार की तर्ज पर एमपी के कर्मचारियों को भी मिले अवकाश यात्रा सुविधा का लाभ

मध्य प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के अध्यापक प्रकोष्ठ के प्रांतीय संयोजक मुकेश सिंह ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि भारत सरकार के अधीनस्थ कार्यरत कर्मचारियों को संपूर्ण सेवाकाल में सपरिवार अवकाश यात्रा सुविधा का लाभ प्रदान किया जाता है, जिसके तहत वह सपरिवार संपूर्ण भारत भ्रमण पर धार्मिक, रमणीक स्थलों आदि का अवलोकन कर आनंदित होते हैं।

जिससे उनका एवं परिवार का तनावमुक्त होना स्वभाविक है। वे नई उर्जा से शासन के कार्यो का सफलतापूर्व निष्पादन करते हैं। निश्चित रूप से यह केन्द्रीय कर्मचारी की हितार्थ योजना है।

मध्य प्रदेश सरकार द्वारा केंद्र के समान वेतन एवं अन्य सुविधायें प्रदान करने हेतु सहमति दी गई थी, किन्तु प्रदेश के कर्मचारियों को वेतन के अलावा केंद्र के कर्मचारियों की भांति अवकाश यात्रा सुविधा का लाभ नहीं दिया जा रहा है।

संघ के मुकेश सिंह, आलोक अग्निहोत्री, आनंद रैकवार, नितिन अग्रवाल, महेश कोरी, तरूण पंचौली, राकेश दुबे, मनीष लोहिया, प्रणव साहू, विष्णु पाण्डे, श्याम नारायण तिवारी, मनोज सेन, मो. तारिख, धीरेन्द्र सोनी, गणेश उपाध्याय, विनय नामदेव, प्रियांशु शुक्ला, राकेश पाण्डे, विजय कोष्टी मनीष शुक्ला, सुदेश पाण्डे, संतोष तिवारी, सतीश पटैल आदि ने मुख्यमंत्री मप्र शासन से मांग की है कि राज्य कर्मचारियों को भी केन्द्रीय कर्मचारियों की भांति सपरिवार अवकाश यात्रा सुविधा का लाभ दिया जाये।