आउटसोर्स कर्मचारी अच्छा काम कर रहे हैं, वे हड़ताल का जापानी तरीका अपनायें: ऊर्जा मंत्री

मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर आज सोमवार को निवाड़ी में विद्युत उपकेन्द्र देवेन्द्रपुरा के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारी अच्छा काम कर रहे हैं। वे हड़ताल का जापानी तरीका अपनायें। उनकी माँगों पर सहानुभूति-पूर्वक विचार किया जायेगा।

ऊर्जा मंत्री ने कार्यक्रम में लाइनमेन अरुण खापरे और मुश्ताक खान को पुष्प माला पहनाकर सम्मानित किया।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा झिरन्या, खरगोन से प्रदेश के 16 विद्युत उपकेन्द्रों का वर्चुअल लोकार्पण और 13 उपकेन्द्रों का भूमि-पूजन किया गया है। इन कार्यों की कुल लागत 321 करोड़ 80 लाख रूपये है।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि इससे विद्युत उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। सभी विद्युत वितरण कंपनियों का लक्ष्य उपभोक्ता की संतुष्टि है। उन्होंने कहा कि जले हुए ट्रांसफार्मर समय पर बदले जायेंगे। विद्युत उपभोक्ता बिजली का बिल समय पर जमा करें।