Sunday, September 8, 2024
Homeटॉप न्यूजएमपी के अमरवाड़ा में 16 साल बाद भाजपा की जीत, कमलेश शाह...

एमपी के अमरवाड़ा में 16 साल बाद भाजपा की जीत, कमलेश शाह ने कांग्रेस उम्मीदवार को हराया

भोपाल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार कमलेश शाह 3027 वोटों से जीत गए हैं। शनिवार को यहां पीजी कॉलेज में हुई मतगणना में काफी उलटफेर देखने को मिले। शुरुआत के पहले तीन राउंड तक भाजपा आगे रही। इसके बाद कांग्रेस उम्मीदवार धीरेन्द्र शाह आगे हो गए और 17वें राउंड तक उन्होंने लीड बनाए रखी, लेकिन आखिरी तीन राउंड में भाजपा ने लीड बनाई और अंत में जीत हासिल की।

छिंदवाड़ा लोकसभा सीट जीतने के एक महीने बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गढ़ माने जाने वाले छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर भाजपा को यह जीत मिली है। कांग्रेस से भाजपा में आए कमलेश शाह ने अमरवाड़ा उपचुनाव में धीरन शाह को 3027 वोटों से हराया है। अमरवाड़ा में भाजपा को 16 साल बाद जीत नसीब हुई है। इससे पहले 2008 में भाजपा के प्रेमनारायण ठाकुर ने जीत दर्ज की थी। प्रेमनारायण भी कांग्रेस छोड़कर गए थे। उन्होंने गोंगपा के मनमोहन शाह बट्टी को मात्र 437 वोट से हराया था।

अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कौल ने बताया कि अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए गत 10 जुलाई को 332 मतदान केन्द्रों पर वोट डाले गए थे। शनिवार को इन 332 मतदान केन्द्रों में मतदाताओं द्वारा ईवीएम में डाले गए मतों की 17 टेबलों पर 21 राउंड में मतगणना संपन्न हुई। 21वें राउंड के बाद भाजपा उम्मीदवार कमलेश शाह को कुल 83 हजार 105 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी धीरेन शाह को 80 हजार 078 मत प्राप्त हुए। इस तरह भाजपा उम्मीदवार ने 3027 मतों से विजय हासिल की। वहीं, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के देवरावेन भलावी तीसरे नंबर पर रहे। उन्हें 28 हजार 723 मत मिले। नोटा को भी 3403 वोट मिले।

कांग्रेस ने आखिरी के दो राउंड की मतगणना में गड़बड़ी की आशंका जताई। इसको लेकर कुछ देर के लिए मतगणना रोक दी गई थी। दरअसल, चुनाव रिजल्ट की घोषणा रोकने ने नाराज कांग्रेस समर्थकों ने हंगामा कर दिया और री-काउंटिंग की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि कमलेश शाह तीन बार के विधायक हैं और लोकसभा चुनाव में कांग्रेस विधायक के पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद यहां उपचुनाव हुआ। अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में कुल नौ प्रत्याशी मैदान में थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अमरवाड़ा उप चुनाव में जीत पर दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में विजय प्राप्त करने पर क्षेत्र की जनता को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पिछली बार छिंदवाड़ा में लोकसभा चुनाव जीते थे और इस बार विधानसभा उप चुनाव भी जीते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह सरकार पर जनता का विश्वास, विचारधारा और जनता के बीच घनिष्ट रिश्ते का प्रतीक है।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में मना जश्न

छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी कमलेश शाह की जीत पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में जश्न मनाया गया। जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ अपनी खुशी व्यक्त की।

संबंधित समाचार

लोकप्रिय

ताजा खबर