Saturday, April 27, 2024
Homeदिनचर्यास्वास्थ्यमहिलाएं शरीर में विकसित हो रही गठान पर तुरंत लें चिकित्सकीय परामर्श,...

महिलाएं शरीर में विकसित हो रही गठान पर तुरंत लें चिकित्सकीय परामर्श, विभिन्न लक्षणों को न करें अनदेखा

एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज शक्त‍िभवन स्थि‍त केन्द्रीय ग्रंथालय में ‘महिलाओं में कैंसर की रोकथाम’ विषय पर आयोजित एक कार्यशाला में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कावेरी शॉ पटेल ने कहा कि महिलाओं में अक्सर स्तन, ओवेरियन, सर्वाइकल और वेजाइनल जैसे कैंसर पाए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि कैंसर किसी भी तरह का हो, अगर लक्षणों की समय पर ही पहचान हो गई, तो बेहतर और सफल इलाज संभव है। कुछ बीमारियों के लक्षण कैंसर से मिलते-जुलते होते हैं। इन्हें गंभीरता से लेना चाहिए और चिकित्सक को तुरंत दिखाना चाहिए। इस अवसर पर एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी की मुख्य महाप्रबंधक सूचना प्रौद्योगिकी रीता खेत्रपाल, पावर मैनेजमेंट कंपनी चिकित्सालय की चिकित्साध‍िकारी डॉ. अनिता वर्मा, डॉ. आयुषी स्थापक, उप महाप्रबंधक कविता तिवारी सहित अन्य महिला अध‍िकारी व कार्मिक उपस्थि‍त थीं।

स्तन कैंसर महिलाओं में सबसे आम कैंसर

डॉ. कावेरी शॉ पटेल ने स्लाइड शो के माध्यम से उपस्थि‍त महिलाओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि स्तन कैंसर महिलाओं में सबसे आम कैंसर है। यह कैंसर से होने वाली मृत्यु का दूसरा प्रमुख कारण है। यह किसी भी उम्र में हो सकता है, लेकिन जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है जोखिम बढ़ता जाता है। कुछ महिलाओं में स्तन कैंसर होने की संभावना दूसरों की तुलना में अधिक हो सकती है। लेकिन हर महिला को स्तन कैंसर के खतरों के बारे में पता होना चाहिए और वे अपने जोखिम को कम करने में मदद के लिए क्या कर सकती हैं।

पैप टेस्ट सर्वाइकल कैंसर रोकने में है मददगार

डॉ. कावेरी शॉ पटेल ने कहा कि‍ सर्वाइकल कैंसर आम है और नियमित रूप से सर्वाइकल स्क्रीनिंग करवाने से इसके सही इलाज में मदद मिल सकती है। पैप परीक्षण (Pap test) कैंसर का पता लगाकर सर्वाइकल कैंसर को रोकने में भी मदद करता है। कैंसर टेस्ट के कई तरीके हैं और उनके संकेत और लक्षणों के आधार पर आपका डॉक्टर आपको बता सकता है कि आपको कौन सा विकल्प चुनना चाहिए। सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय ग्रीवा (गर्भाशय के निचले हिस्से) में विकसित होता है। अधिकांश सर्वाइकल कैंसर ह्यूमन पेपिलोमावायरस (HPV) संक्रमण के कारण होते हैं। डॉ. पटेल ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अब टीकाकरण भी प्रांरभ हो गया है।

शरीर में विकसित हो रही गठान पर विशेष रूप से ध्यान दें

डॉ. पटेल ने कहा कि महिलाओं को शरीर में विकसित होने वाली किसी भी प्रकार की गठान पर विशेष रूप से ध्यान देने की जरूरत है। शरीर में विकसित होने वाली किसी भी गठान को तुरंत चिकित्सक को द‍िखा कर परामर्श लेना चाहिए।

व्यायाम को न भूलें

डॉ. कावेरी शॉ पटेल ने कहा कि महिलाओं को दैनिक चर्या में अपने शरीर पर विशेष रूप से ध्यान देना चाहिए। उनको व्यायाम, तेज गति से चलने और योग अभ्यास को अपनी जीवनशैली का अभ‍िन्न हिस्सा बनाना चाहिए।

कामकाजी महिलाएं स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पाती

रीता खेत्रपाल ने अध्यक्षीय वक्तव्य में कहा कि कामकाजी महिलाएं घर और कार्य क्षेत्र में व्यस्त रहने के कारण अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पाती हैं। इस बात को दृष्टि‍गत रखते हुए महिला रोग विशेषज्ञ का व्याख्यान आयोजित किया गया जो कि निश्च‍ित रूप से महिलाओं के लिए लाभप्रद सिद्ध हुआ। डॉ. अनिता वर्मा व डॉ. आयुषी स्थापक ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यशाला में उपस्थि‍त महिला कार्मिकों ने स्वास्थ्य संबंधी कई प्रश्न किए जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया। महिला दिवस की पूर्व संध्या पर कार्यशाला में उपस्थि‍त महिला कार्मिकों ने केक काट कर हर्ष व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन लेखाधि‍कारी आकृति अग्रवाल द्वारा किया गया।

टॉप न्यूज