एमपी ट्रांसको ने ह्यूमन मशीन इंटरफेस तकनीक का उपयोग कर ऊर्जीकृत किया नया पावर ट्रांसफार्मर

मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने देवास जिले के 132 के.व्ही. सबस्टेशन कन्नौद में 50 एम.व्ही.ए. क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया है। मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने बताया कि कन्नौद क्षेत्र में कृषि व घरेलू उपभोक्ताओं की बढ़ती विद्युत मांग के मद्देनजर एमपी ट्रांसको ने सबस्टेशन की क्षमता वृद्धि करते हुये 50 एम.व्ही.ए. क्षमता का पॉवर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत किया है। इस ट्रांसफार्मर के स्थापित हो जाने से कन्नौद सबस्टेशन की क्षमता बढ़कर 106 एम.व्ही.ए. हो गई है।  

मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने बताया कि लगभग 5 करोड 76 लाख रूपये की अनुमानित लागत से स्थापित इस पावर ट्रांसफार्मर को इंदौर स्काडा सेंटर से रिमोट टेक्नालॉजी के माध्यम से ऊर्जीकृत करने में सफलता हासिल हुई है। उन्होंने बताया कि इस पावर ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से देवास जिले की ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 1855 एम.व्ही.ए. की हो गई है। इससे कन्नौद, ओलम्बा, सतवास, एम.एस.के. कुसमानिया, बिजवाड़ से जुडे विद्युत उपभोक्ताओं को काफी फायदा पहुचेगा, अब उन्हे गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध रहेगी। देवास जिले में 12 अति उच्चदाब सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण होता है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने इस सफलता के लिये एम.पी. ट्रांसको के कार्मिकों को बधाई दी है।

एमपी ट्रांसको के कार्यपालन अभियंता सतीश धुर्वे ने बताया कि इंदौर से एचएमआई (ह्यूमन मशीन इंटरफेस) तकनीक का उपयोग करते हुये कम्प्यूटर का माउस क्लिक कर 93 किलोमीटर दूर कन्नौद में इस पावर ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत किया। इस तकनीक में मानव और कम्प्यूटर मशीनों के तालमेल से सबस्टेशनों के उपकरणों को नियंत्रित और संचालित किया जाता है।

एमपी ट्रांसको की कुल स्थापित ट्रांसफारमेशन क्षमता बढ़कर अब 78228 एम.व्ही.ए. की हो गई है, जिसमें 400 के.व्ही. में 11095 एम.व्ही.ए., 220 के.व्ही. में 32595 एम.व्ही.ए. तथा 132 के.व्ही. में 34538 एम.व्ही.ए. क्षमता विद्यमान है। एमपी ट्रांसको मध्यप्रदेश में अपने 415 अति उच्चदाब सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करती है। जिसमें 400 के.व्ही. के 14, 220 के.व्ही. के 88 तथा 132 के.व्ही. के 313 सबस्टेशन शामिल है।