Thursday, May 9, 2024
HomeएमपीभोपालLok Sabha Election 2024: एमपी में चुनाव प्रचार और उम्मीदवारों की घोषणा...

Lok Sabha Election 2024: एमपी में चुनाव प्रचार और उम्मीदवारों की घोषणा में पहले दिन से आगे दिखी भाजपा

भोपाल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान होने के साथ राजनीतिक पार्टियों की प्रतिस्पर्धा और चुनाव प्रचार का आरंभ हो गया है। जिसमें कि मध्यप्रदेश में वर्ष 2019 की तरह ही इस बार भी 29 सीटों पर चार चरणों में चुनाव होने जा रहे हैं। वहीं चुनाव की घोषणा के साथ ही प्रदेश भर में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। देश में कुल सात चरणों में मतदान होना है, जिसमें 20 मार्च को अधिसूचना जारी होगी और 30 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 19 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होने के साथ ही मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी।

इन तारीखों में होगा यहां 29 सीटों पर लोस चुनाव मतदान

मध्यप्रदेश में 19 अप्रैल को प्रथम चरण का मतदान छह सीटों सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा में होगा। जिसके बाद क्रमश: 26 अप्रैल को सात सीटों टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद, बैतूल पर दूसरे चरण में मतदान होगा। वहीं, सात मई को आठ सीटों मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ के लिए तीसरे चरण में मतदान सम्पन्न होगा। जबकि अंतिम चरण 13 मई को आठ सीटों देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन, खंडवा में मतदान होना है।

चुनाव प्रचार एवं प्रत्याशी तय करने में भाजपा निकली आगे

यदि बात देश की प्रमुख दो राजनीतिक पार्टी के साथ राज्य में बराबर से प्रतिस्पर्धा की करें तो फिलहाल चुनाव तारीखों की घोषणा के साथ भारतीय जनता पार्टी लीड करती दिखाई दे रही है। जहां प्रदेश की सभी लोस सीटों पर भाजपा अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। वहीं अभी कांग्रेस नाम तय करने में पीछे है। अन्य राजनीतिक पार्टियों की राज्य में प्रतिस्पर्धा की बात करें तो मुख्य मुकाबला यहां इन्हीं दो राजनीतिक पार्टियों के बीच में है। जिसमें कि भारतीय जनता पार्टी ने 29 लोस सीटों में से आधे से अधिक 15 सीटों पर अपने पूर्व प्रत्याशियों पर भरोसा जताया है और उन्हें चुनावी मैदान में उतार दिया है। वहीं, उन तमाम दिग्गजों के टिकट काटने में भी देर नहीं की है, जिन्हें फिर से टिकट मिलने की पूरी उम्मीद थी।

इस लोस सीट से सपा भी आजमाएगी अपना भाग्य

भाजपा ने 14 लोस सीटों पर नए कार्यकर्ताओं पर जीत के लिए भरोसा किया है। दूसरी ओर कांग्रेस फिलहाल भारतीय जनता पार्टी की तुलना में आधी सीटों पर भी अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं कर पाई है। उनके यहां अभी कई सीटों पर गहन मंथन चल रहा है। सिर्फ 10 सीटों पर ही कांग्रेस के उम्मीदवार तय हो सके हैं। जिनमें से तीन विधायक भी चुनाव मैदान में हैं। अभी उसे 18 सीटों पर नाम तय करने हैं। वहीं, एक सीट समाजवादी पार्टी के खाते में इंडिक गठबंधन के तहत कांग्रेस द्वारा दी गई है। सपा मध्य प्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट पर अपना उम्मीदवार उतारेगी।

उल्लेखनीय है कि इस सीट पर 2008 में परिसीमन हुआ है और तब से यहां लगातार भाजपा के उम्मीदवार ही जीत रहे हैं। 2009 के लोकसभा चुनाव में खजुराहो से भाजपा के जीतेंद्र सिंह बुंदेला ने कांग्रेस उम्मीदवार राजा पटेरिया को हराया था। फिर 2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा के नागेन्द्र ने कांग्रेस के राजा पटेरिया को हराया था। वहीं 2019 के लोकसभा चुनावों में तो यहां वर्तमान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा उम्मीदवार के तौर पर आये। इनके सामने कांग्रेस कविता राजे उम्मीदवार थीं। सपा से वीर सिंह पटेल मैदान में उतरे। लेकिन भाजपा के विष्णुदत्त शर्मा ने यहां से रिकॉर्ड 811,135 वोट प्राप्त कर सभी को चौंका दिया था, क्योंकि इस बार का वोट अंतर पूर्व की तुलना में बहुत अधिक रहा। तो कांग्रेस को 3,18,753 मत प्राप्त हुए थे। वहीं सपा उम्मीदवार को तो सिर्फ 40,077 वोट से ही संतोष करना पड़ा था। सपा को कुल मतों से सिर्फ 3.19 प्रतिशत ही वोट मिले थे। यहां से फिर से भाजपा ने वीडी शर्मा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

भाजपा का 29 लोस क्षेत्र जीतने का दावा

लोकसभा चुनावों की घोषणा के बाद मप्र में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के सांसद वीडी शर्मा की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच चुनाव में जाने के लिए पूरी तरह तैयारी है। भाजपा मध्यप्रदेश की पूरी 29 सीटों को जीतेगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश का विकास ही हमारा मुद्दा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है। मैं खजुराहो से चुनाव लड़ रहा हूं। खजुराहो मेरा परिवार है। यहां की जनता का मुझे भरपूर आशीर्वाद प्राप्त है।

पांच करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग

मध्यप्रदेश में इस बार पांच 63 लाख 40 हजार 64 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसमें कि इस बार सबसे ज्यादा 1.49 करोड़ वोटर 30 से 39 साल की उम्र के हैं। वहीं, 18 से 19 उम्र के 16 लाख से ज्यादा वोटर इस बार पहली बार अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे।

इन सीटों पर है सभी का ध्यान

मध्यप्रदेश की विदिशा लोकसभा सीट से राज्य के पूर्व सीएम शिवराज सिंह और गुना संसदीय क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा की ओर से चुनावी मैदान में हैं। वहीं, छिंदवाड़ा से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ कांग्रेस की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं। यह सीट फिलहाल कांग्रेस के पास है। इस तरह से अभी जितने उम्मीदवार घोषित हुए हैं, उनमें इन तीनों सीटों पर सबसे ज्यादा ध्यान है।

संबंधित समाचार