Monday, May 13, 2024
Homeएमपीभोपालदिग्विजय सिंह का कांग्रेस छोड़ने वालों को सख्त संदेश, कहा- जो ईडी,...

दिग्विजय सिंह का कांग्रेस छोड़ने वालों को सख्त संदेश, कहा- जो ईडी, आईटी, सीबीआई से डरता है वह जहां जाना हो जाए

भोपाल (हि.स.) । मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संकट में दिखाई दे रही है। पार्टी नेताओं का दूसरे दलों में जाना कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। अब इस मसले को लेकर कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पार्टी नेताओं को सख्त संदेश दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस समय देश के लोकतंत्र के साथ-साथ कांग्रेस भी संकट में है। अब समय संघर्ष का है जो ईडी, आईटी, सीबीआई से डरता है वो जहां जाना हो जाए।

दरअसल, कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि “हे कांग्रेस के साथियों इस समय देश का लोकतंत्र खतरे में है। भारतीय संविधान खतरे में है। भारत की सामाजिक-अर्थ व्यवस्था खतरे में है। कांग्रेस संकट में है। अब समय संघर्ष का है जो ईडी, आईटी, सीबीआई से डरता है वह जहां जाना हो जाए। पर हम तो आखिरी सांस तक अपनी विचारधारा पर डटे रह कर संघर्ष करेंगे। इसीलिए मैंने उन सभी के लिए कबीर का यह दोहा ट्वीट किया है। ‘कबीरा खड़ा बाज़ार में ले लुकाटी हाथ, जो घर फूंके आपना चले हमारे साथ।”

कांग्रेस प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने भी की तल्ख टिप्पणी

इससे पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस छोड़ने वालों पर तल्ख टिप्पणी की। दरअसल, मप्र के कांग्रेस प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह मंगलवार को राजधानी भोपाल पहुंचे। उन्होंने बैठक में विधायकों से वन टू वन चर्चा की और भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर बैठक ली। भोपाल पहुंचने पर उन्होंने मीडिया से चर्चा की। इस दौरान वे कांग्रेस छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त नजर आए। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस की रीति नीति नहीं मानता, उसके लिए दरवाजे खुले हैं, वो जा सकता है। वहीं भंवर सिंह ने कहा कि नकुलनाथ छिंदवाड़ा से ही लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

संबंधित समाचार